Buxar News: बक्सर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर नहर के ऊपर बने रेलवे पुल को फिर स्थापित करने का काम आज तेजी से किया जा रहा है. ताकि रेल परिचालन सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे. इस काम के तहत पुराने पुल को मजबूत करने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी.
रेल यातायात निरीक्षक ने क्या बताया?
रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने बताया कि पुल की स्थिति को देखते हुए तेज रफ्तार ट्रेनों को सावधानीपूर्वक धीमी गति से गुजारा जा रहा था. सुरक्षा के मद्देनजर इस पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई है.
बक्सर-चौसा रेलखंड पर हो रहा निर्माण कार्य
उन्होंने बताया कि नेउरा स्टेशन पर सिग्नल से जुड़े काम के कारण लगे मेगा ब्लॉक का लाभ उठाते हुए बक्सर-चौसा रेलखंड पर व्यापक स्तर पर निर्माण कार्य किया जा रहा है. इस दौरान रेलवे के करीब दो दर्जन से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भीषण गर्मी में सैकड़ों मजदूरों के साथ लगातार जुटे हुए हैं.
तेजी से किया जा रहा निर्माण कार्य
कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए आधुनिक मशीनों, क्रेन और अन्य उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है. ताकि कम से कम समय में काम पूरा कर रेल सेवाओं को सुचारू रूप से बहाल किया जा सके. इस मौके पर रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें स्टेशन प्रबंधक बक्सर रजत सक्सेना सहित तकनीकी शाखा के अधिकारी भी शामिल थे.
Also Read: बिहार में महिला CO का बड़ा खेल उजागर, दाखिल-खारिज में की गड़बड़ी, मिली ये सजा
