बिहार में उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हुआ रेलवे ओवर ब्रिज, प्रशासन ने कहा-अभी निर्माणाधीन ही है पुल

Buxar News: बक्सर में बहुप्रतीक्षित इटाढ़ी रेलवे ओवर ब्रिज उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया है. इईसकी वजह से जाम से राहत पाने की उम्मीद लगाए लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.

बक्सर से आशुतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट
Buxar News: बक्सर जिले के इटाढ़ी रेलवे गुमटी पर करीब 26.40 करोड़ रुपये की लागत से बना रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया. महज चार दिन पहले चालू किए गए इस पुल का पाया संख्या 14 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से आवागमन बंद कर दिया है. घटना के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को लोहे की प्लेटों से ढक दिया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश और भी बढ़ गया है. वर्षों के संघर्ष और धरना-प्रदर्शन के बाद बने इस पुल से जाम की समस्या खत्म होने की उम्मीद थी, लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है.

बरसों की समस्या फिर हुई कायम

यह आरओबी बक्सर को इटाढ़ी और धनसोई क्षेत्र से जोड़ने के लिए बनाया गया था. इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत दिलाना था. हैरानी की बात यह है कि इस पुल का शिलान्यास चार बार किया गया था. लंबे इंतजार और विरोध के बाद इसे शुरू किया गया, लेकिन चार दिन भी नहीं टिक सका. अब पुल बंद होने और रेलवे क्रॉसिंग के स्थायी रूप से बंद हो जाने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. लोगों का कहना है कि वर्षों का सपना कुछ ही घंटों में टूट गया.

भ्रष्टाचार बनाम ओवरलोड—दो दावे

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि निर्माण की गुणवत्ता शुरू से ही संदिग्ध थी. वहीं, निर्माण से जुड़े लोगों का दावा है कि पुल के क्षतिग्रस्त होने का कारण ओवरलोड ट्रकों का दबाव है, जिससे पाया संख्या 14 कमजोर होकर टूट गया.

प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल

पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया और आम लोगों व मीडिया को मौके पर जाने से रोक दिया गया. क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्दबाजी में लोहे की प्लेट से ढक दिया गया, जिस पर स्थानीय लोगों ने नुकसान छिपाने का आरोप लगाया है. इस घटना से बक्सर-इटाढ़ी-धनसोई मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है. वैकल्पिक मार्गों पर भी दबाव बढ़ गया है.

जिला प्रशासन ने कहा-अभी निर्माणाधीन है पुल

मामला में बक्सर जिला प्रशासन का कहना है कि यह आरओबी अभी निर्माणाधीन ही है. इसके एक एक्सपैंशन ज्वाइंट में थोड़ी क्षति हुई थी, जिसके बाद उसकी मरम्मती की गई. वहां कंक्रीट को सूखकर पूरी तरह मजबूत होने के लिए कुछ दिन चाहिए थे, लेकिन रेलवे प्रशासन ने पहले ही इसपर यातायात शुरु कर दिया, जिससे उक्त हिस्सा फिर से क्षतिग्रस्त हो गया. फिलहाल इस आरओबी पर यातायात बंद कर पुराने लेवल क्रासिंग को फिर से खोल दिया गया है. साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से का फिर से मरम्मत किया जा रहा है.

बिहार में पुलों पर उठते सवाल

राज्य में पिछले कुछ वर्षों में कई पुलों के गिरने या क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं. इटाढ़ी आरओबी की घटना ने एक बार फिर निर्माण गुणवत्ता और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों और विपक्ष ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. साथ ही निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी जोर पकड़ रही है.

Also Read: आरा में फायर सेफ्टी की बड़ी लापरवाही उजागर, तंग गलियां बनी खतरा, हर साल करोड़ों का नुकसान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >