Buxar News: (रोहित कुमार) बक्सर जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में मंगलवार को एक प्लम्बर दुकानदार की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई . घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया.
मृतक की पहचान अरियाव गांव निवासी ललन कुम्हार के 45 वर्षीय पुत्र उमाशंकर पंडित के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह गांव में ही प्लम्बर की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.
मानसिक तनाव में रहने की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार उमाशंकर पंडित काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन पिछले कुछ समय से दुकान और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर मानसिक तनाव में रहते थे . मंगलवार की दोपहर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसके बाद स्वजन उन्हें संभालने में जुट गए . इसी दौरान उनकी मौत हो गई. मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
गांव में पसरा मातम
घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.आसपास के लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाने लगे . परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं .
पोस्टमार्टम से परिजनों का इंकार
सूचना मिलने पर कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने स्वजनों से पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया.
इस संबंध में स्वजनों द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन भी सौंपा गया, जिसमें कहा गया कि वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं.
क्या बोले थानाध्यक्ष
कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि अरियाव गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हुई है . मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए लिखित आवेदन दिया है. पुलिस आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
Also Read : Hajipur News : खेत से लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौके पर मचा हड़कंप
