Buxar News:(विनीत कुमार मिश्रा) डुमरांव के महारानी उषा रानी बालिका उच्च विद्यालय परिसर में शनिवार को प्रगतिशील लेखक संघ, बक्सर के देखरेख में एक भव्य साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर अध्यापिका एवं साहित्यकार डॉ. मीरा सिंह ‘मीरा’ द्वारा रचित काव्य पुस्तक ‘बकरी अब पढ़ने चली’ का विधिवत विमोचन किया गया.
दीप प्रज्ज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, जिसके बाद काव्य पाठ का सिलसिला प्रारंभ हुआ. इस दौरान स्थानीय कवियों के साथ-साथ बच्चों ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया.
पुस्तक विमोचन से पहले उपलब्धियों पर प्रकाश
कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रगतिशील लेखक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. बी.एल. प्रवीण ने डॉ. मीरा सिंह ‘मीरा’ की साहित्यिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि ‘बकरी अब पढ़ने चली’ उनकी पांचवीं पुस्तक है और बाल साहित्य के क्षेत्र में उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है.
मीरा सिंह को मिल चुके हैं कई सम्मान
डॉ. मीरा सिंह को जनहित साहित्य अकादमी पुरस्कार के अलावा डॉ. राजेंद्र प्रसाद शिक्षक शिरोमणि पुरस्कार 2020, विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ द्वारा विद्या वाचस्पति व भारत गौरव सम्मान 2023, तथा रामवृक्ष बेनीपुरी शिखर बाल साहित्य सम्मान 2021 जैसे सम्मान प्राप्त हो चुके हैं.
कवियों ने सुनाई अपनी रचनाएं
कार्यक्रम में विश्वनाथ मिश्र, रामेश्वर चौधरी, मीरा सिंह ‘मीरा’, डॉ. बी.एल. प्रवीण, कुशध्वज सिंह ‘मुन्ना’, फारुक सैफी, संजय सागर, प्रदीप शरण एवं मुक्तेश्वर प्रसाद सहित कई कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.
बाल साहित्य में अग्रणी भूमिका निभा रहीं मीरा सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अरुण मोहन भारवि ने कहा कि डॉ. मीरा सिंह ‘मीरा’ बाल साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं और पूरे देश में सम्मानित हो रही हैं. उन्होंने कहा कि अध्यापन कार्य के साथ साहित्य सृजन करना कठिन है, लेकिन मीरा सिंह इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही हैं.
गणमान्य लोगों की रही उपस्थित
इस अवसर पर जिला स्कूल के प्रधानाचार्य रवि प्रभात, पूर्व प्रधानाचार्या पुष्पा कुमारी, अश्विनी कुमार सिंह, अंशुमान सिंह, रौशन कुमार सिंह, मीरा गुप्ता, प्रो. रामविनय सिंह, अजय कुमार उपाध्याय, राजू ठाकुर, अभिनव प्रसून, जिज्ञासा कुमारी, आर्या सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन जिला श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर उपाध्याय ने किया. उन्होंने कहा कि डॉ. मीरा सिंह ‘मीरा’ ने बाल साहित्य में एक नई पहचान बनाई है और उनकी सृजनशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है.
Also Read: कैमूर में सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी से महिला की मौत, दर्जनभर घायल
