डुमरांव में शुरू हुई आधुनिक ट्रोमेल मशीन, अब रोजाना 10 टन कचरे की होगी प्रोसेसिंग

Buxar News : डुमरांव नगर परिषद ने नया भोजपुर स्थित नवरत्न गढ़ के पास ट्रोमेल मशीन का संचालन शुरू किया है. मशीन के जरिए प्रतिदिन 10 टन कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक की रिसाइक्लिंग का लक्ष्य रखा गया है.

Buxar News : डुमरांव नगर परिषद ने ठोस कचरा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नया भोजपुर स्थित नवरत्न गढ़ किले के पास आधुनिक ट्रोमेल मशीन का संचालन शुरू कर दिया है. इस मशीन के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 10 टन कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 300 टन प्रतिदिन बतायी जा रही है.

आधुनिक मशीन से निस्तारण

इससे नगर परिषद के 35 वार्डों में उत्पन्न होने वाले कचरे के व्यवस्थित प्रबंधन की राह आसान होगी. यह आधुनिक मशीन कचरे से प्लास्टिक को अलग कर रिसाइक्लिंग के लिए तैयार करती है. साथ ही धूल और अन्य अवांछित तत्वों की छंटाई कर कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाती है. इससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.

लंबे समय से बनी थी कूड़ा प्रबंधन की समस्या

डुमरांव शहर में लंबे समय से ठोस कचरा प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बना हुआ था. जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से दुर्गंध, गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा था. प्लास्टिक मिश्रित कचरा पर्यावरण के लिए भी गंभीर समस्या बन चुका था. नई मशीन के संचालन से अब कचरे का नियमित और वैज्ञानिक निस्तारण संभव हो सकेगा, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है.

25 दिन पहले इस मशीन को स्थापित किया गया था

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से करीब 25 दिन पहले इस मशीन को स्थापित किया गया था. उन्होंने कहा कि ट्रोमेल मशीन प्लास्टिक को अलग कर रिसाइक्लिंग योग्य बनाती है तथा धूल की भी प्रभावी छंटाई करती है, जिससे आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहता है.

90 लाख खर्च के बावजूद नहीं मिल रहे थे परिणाम

उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर हर महीने 90 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाते हैं. इसके बावजूद ठोस कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पा रहे थे. अब इस नयी तकनीक के संचालन से खर्च का बेहतर उपयोग होगा और सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता तथा प्रभावशीलता दोनों बढ़ेंगी.

Dumraon Nagar Parishad : स्वच्छ शहर की दिशा में अहम कदम

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल का स्वागत किया है. उनका कहना है कि यदि मशीन का नियमित संचालन और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की गयी, तो शहर में कूड़े के ढेर से राहत मिलेगी, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और बीमारियों का खतरा भी कम होगा. नगर प्रशासन का भी मानना है कि यह पहल डुमरांव को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.

Also Read : जिन्हें 14 साल पहले मरा समझ छोड़ दिया था, उसी मामले में बक्सर कोर्ट ने तीन आरोपियों को सुनाई 8 साल की सजा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sujeet Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >