बक्सर के प्रधान जिला जज के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, थाईलैंड से जुड़ा तार

Buxar News: बक्सर की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब की फर्जी तस्वीर लगाकर साइबर ठगी का प्रयास किया गया है. थाईलैंड के मोबाइल नंबर का उपयोग कर अपराधियों ने लोगों से 50 हजार रुपये की मांग की. न्यायालय प्रशासन की सूचना पर बक्सर पुलिस ने मामला दर्ज कर अंतरराष्ट्रीय गिरोह की तलाश शुरू कर दी है.

Buxar News: (विष्णुदत्त द्विवेदी) : बिहार में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने न्यायपालिका के शीर्ष अधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. बक्सर की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब की फर्जी तस्वीर और नाम का उपयोग कर पैसे उगाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है.

शानदार अंग्रेजी में चैटिंग कर मांगे 50 हजार

साइबर ठगों ने प्रधान जिला जज की तस्वीर लगाकर एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया और कई लोगों को संदेश भेजे. अपराधियों ने विश्वास जीतने के लिए काफी प्रभावशाली अंग्रेजी का उपयोग किया. मैसेज में लिखा गया:

मेरी जरूरत बहुत व्यक्तिगत है और मुझे तत्काल आपकी सहायता चाहिए. कृपया मेरे द्वारा दिए गए खाते में कुछ नकद भुगतान कर दें. मैं अभी एक मीटिंग में व्यस्त हूँ और ऑनलाइन बैंक ट्रांसफर में समस्या आ रही है. मैं दिन खत्म होने से पहले ही पैसे वापस कर दूँगी. “

इसके ठीक नीचे एक यूपीआई नंबर देते हुए 50 हजार रुपये तत्काल ट्रांसफर करने को कहा गया.

थाईलैंड से जुड़े हैं ठगी के तार

न्यायालय प्रशासन को जैसे ही इस फर्जीवाड़े की सूचना मिली, तुरंत हड़कंप मच गया. प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस नंबर से मैसेज भेजे जा रहे थे, वह थाईलैंड का दिखाई दे रहा है. इससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस ठगी के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है जो विदेशी नंबरों के जरिए भारत में हाई-प्रोफाइल लोगों के नाम पर जालसाजी कर रहा है.

एसपी को कार्रवाई के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान जिला जज को तत्काल अवगत कराया गया. इसके बाद न्यायालय प्रशासन ने बक्सर पुलिस अधीक्षक को आधिकारिक सूचना देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है. बक्सर पुलिस की साइबर सेल अब इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है.

Also Read:Patna Crime News: गोपालपुर में हथियार के बल पर ₹40 लाख लूटे, सदर डीएसपी ने शुरू की जांच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >