बक्सर में कांग्रेस ने खोला मोर्चा, इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग; डीएम को सौंपा ज्ञापन

Buxar News: बक्सर में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम आवागमन के लिए खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की. नेताओं ने आरओबी बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया. समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है.

Buxar News: (मनीष मिश्रा) बक्सर में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल आम जनता के आवागमन के लिए खोलने की मांग को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को शांतिपूर्ण मार्च निकाला और जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा.

प्रदर्शन और ज्ञापन

जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्योति प्रकाश चौक से जिला समाहरणालय तक मार्च निकाला. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की.

आरओबी बंद होने से बढ़ी परेशानी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन बाधित है. इसके चलते इटाढ़ी प्रखंड सहित आसपास के दर्जनों गांवों की लाखों आबादी प्रभावित हो रही है.
लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थायी समाधान की मांग

ज्ञापन में मांग की गई कि आरओबी का पुनर्निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ कराया जाए. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जल्दबाजी में निर्माण कार्य भविष्य में खतरा बन सकता है, इसलिए मजबूती और मानक के अनुसार काम जरूरी है.

जनता को राहत की अपील

कांग्रेस ने मांग की कि जब तक नया पुल तैयार नहीं होता, तब तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को अस्थायी रूप से खोला जाए. इससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को राहत मिल सकेगी.

आंदोलन की चेतावनी

जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकला तो जनता के हित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा.

मौके पर मौजूद लोग

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडे, उमाशंकर पांडे, निर्मला देवी, लक्ष्मण उपाध्याय, राजा तिवारी, शिवाकांत मिश्रा, हरिशंकर त्रिवेदी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >