बक्सर में 141.675 लीटर शराब जब्त, दो जगह छापेमारी, तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार

बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए तरीके अपना रहे हैं. बक्सर जिले में पुलिस ने 141.675 लीटर अवैध शराब जब्त की है. हालांकि, दोनों मामलों में तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे.

Buxar News : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि पुलिस की लगातार कार्रवाई से उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं. बीते 24 घंटे में बक्सर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने कुल 141.675 लीटर अवैध शराब बरामद की. हालांकि दोनों मामलों में तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे.

पुलिस को देखते ही शराब से भरा बोरा फेंककर भागा तस्कर

नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर सअनि अनिल कुमार के नेतृत्व में पीपी रोड स्थित सेंट्रल बैंक के पास घेराबंदी की. इस दौरान सिर पर पीले प्लास्टिक का बोरा लेकर जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखते ही वह बोरा फेंककर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.

तलाशी में बोरे से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 12.675 लीटर शराब थी. पुलिस ने आरोपी की पहचान रामबाग निवासी बबलू सिंह के पुत्र वीर सिंह के रूप में की है. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

झाड़ी में छिपाकर रखी 129 लीटर शराब बरामद

दूसरी कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मझरियां गांव स्थित अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के पास की. शनिवार देर रात छापेमारी के दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार बोरियों और एक झोले से 129 लीटर शराब बरामद की गई. मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई.

थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि बरामद शराब में 120 लीटर विदेशी और 9 लीटर देसी शराब शामिल है. पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर फरार हो गया. जब्त बाइक के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

तस्करों पर शिकंजा कसने में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है और बरामद वाहन व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Onkar nath mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >