Buxar Hostel Investment Fraud : बक्सर शहर में हॉस्टल व्यवसाय में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर नगर थाना में एक ही परिवार के तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Buxar News : विश्वास जीतकर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप
महावीर कॉलोनी वार्ड संख्या-5 निवासी सूरज कश्यप ने नगर थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि गोपाल नगर चकिया निवासी राजकुमार यादव, उसके भाई मनीष कुमार और पिता श्रीनिवास सिंह ने वर्ष 2023 से विश्वास में लेकर उनके परिवार से अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये लिए. 13 दिसंबर 2023 को राजकुमार यादव ने अत्यावश्यक जरूरत बताकर सूरज की मां रेनू देवी से चेक के माध्यम से तीन लाख रुपये लिए और दो माह में लौटाने का वादा किया. इसके बाद भी विभिन्न बहानों से दो लाख रुपये और ले लिए.
हॉस्टल व्यवसाय में निवेश पर 10% मुनाफे का लालच
प्राथमिकी के अनुसार सितंबर 2024 में आरोपितों ने हॉस्टल व्यवसाय में 10 लाख रुपये निवेश करने पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ देने और तीन माह पहले सूचना देने पर पूरी राशि लौटाने का भरोसा दिया. इस झांसे में आकर सूरज ने अलग-अलग माध्यमों से 75 हजार, 99.5 हजार, 95.6 हजार, एक लाख, 20 हजार, एक लाख समेत कई किश्तों में लाखों रुपये निवेश कर दिए.
दो अन्य लोगों से भी 10-10 लाख रुपये निवेश कराने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उसके मित्र अभिषेक पांडेय और अमित कुमार को भी हॉस्टल व्यवसाय में निवेश के नाम पर 10-10 लाख रुपये लगाने के लिए प्रेरित किया. रकम लेने के बाद न तो मुनाफा दिया गया और न ही निवेश की राशि लौटाई गई.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
