Buxar News: सदर प्रखंड अंतर्गत मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन को उनके घर के समीप बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से 'स्वास्थ्य जांच एवं उपचार आपके द्वार' अभियान चलाया गया. इस विशेष पहल के तहत गोलंबर स्थित महावीर मंदिर के प्रांगण में एक दिवसीय समेकित स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया. शिविर में सुबह से ही स्थानीय नागरिकों, बुजुर्गों और महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने विभिन्न जांच सुविधाओं का निशुल्क लाभ उठाया.
कुल 185 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग
आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में कुल 185 लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण, जांच और विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई. स्वास्थ्य दल ने शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की बारीकी से जांच की. इस दौरान गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम के लिए विशेष रूप से ब्लड प्रेशर (बीपी), ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन स्तर की जांच कर एनीमिया की पहचान की गई. इसके अलावा संक्रामक एवं गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और एचआईवी की काउंसलिंग सह जांच की गई.
परामर्श के बाद निशुल्क दवाओं का वितरण
शिविर में मौजूद अनुभवी चिकित्सकों ने मरीजों के लक्षणों की जांच करने के बाद उन्हें खान-पान में सुधार, नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने के जरूरी चिकित्सीय परामर्श दिए. इसके साथ ही जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही संबंधित बीमारियों की आवश्यक दवाइयां निशुल्क वितरित की गईं, जिससे ग्रामीणों को सीधे राहत मिली.
स्वास्थ्य कर्मियों और मंदिर समिति का सराहनीय योगदान
शिविर में मुख्य रूप से डॉ. आरिफ अली अहमद और डॉ. तौहीद आलम ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उपचार किया. इस स्वास्थ्य शिविर को व्यवस्थित और सफल बनाने में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (बीएचएम) प्रिंस सिंह, सीएचओ रौशनी, पूजा कुमारी, एएनएम अनुपमा, एएनएम सीमा कुमारी तथा आईसीटीसी पर्यवेक्षक शिव कृपाल दास ने सक्रिय भूमिका निभाई. इसके अलावा महावीर मंदिर समिति गोलंबर के प्रतिनिधि अरविंद सिंह ने भी स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाकर शिविर के सफल संचालन में भरपूर सहयोग दिया.
