Buxar News: बक्सर जिले के डुमरांव के मुरार थाना क्षेत्र के बैदा गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया. जिस घर में कुछ दिन पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब एक साथ दो मासूम बच्चों की अर्थियां उठीं. तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और कोहराम मच गया. मृतकों की पहचान रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के मुसवट गांव निवासी 12 वर्षीय आनंद शर्मा (पिता जय कुमार शर्मा) और अरियांव निवासी 6 वर्षीय अरबी शर्मा (पिता विकास शर्मा) के रूप में हुई है. दोनों बच्चे अपने मामा दुर्गेश शर्मा की शादी में शामिल होने बैदा गांव आए हुए थे.
इकलौते बेटे की मौत से टूट गई मां
जानकारी के अनुसार, बैदा निवासी सुरेश शर्मा के पुत्र दुर्गेश शर्मा की शादी 30 तारीख को हुई थी. शादी के बाद कलेवा की रस्म होने वाली थी, जिसके चलते परिजन गांव में ही थे. आनंद अपने माता-पिता के साथ शादी में शामिल होने आया था, जबकि अरबी अपनी मां चंचल कुमारी के साथ पिछले कुछ समय से नानी के यहां ही रह रहा था. मिली जानकारी के मुताबिक, चंचल कुमारी की शादी वर्ष 2020 में अरियांव निवासी विकास शर्मा से हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण वह पिछले साढ़े तीन वर्षों से मायके में ही रह रही थी. अरबी उसका इकलौता बेटा था, जिसके सहारे वह जीवन बिता रही थी. बेटे की मौत ने उसे गहरे सदमे में डाल दिया है.
ट्रैक्टर चालक गांव का ही रहने वाला
परिजनों के अनुसार, हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक गांव का ही टुन्नु तिवारी है, जो महेंद्र तिवारी का पुत्र बताया जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि वह अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाता था. उसे पहले भी कई बार सावधानी से गाड़ी चलाने की हिदायत दी गई थी, लेकिन उसने इसे नजरअंदाज किया. रविवार की रात भी वह तेज आवाज में गाना बजाते हुए तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था. इसी दौरान उसने दोनों बच्चों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. परिजन बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
नामजद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने मुरार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है. 12 वर्षीय आनंद के पिता जय कुमार शर्मा और 6 वर्षीय अरबी के मामा डब्ल्यू शर्मा ने नामजद चालक टुन्नु तिवारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
एसएचओ रमेश प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. आरोपी चालक और ट्रैक्टर की तलाश में छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी.
24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं
घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और न ही ट्रैक्टर बरामद हुआ है. इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हो. यह हादसा न सिर्फ दोनों परिवारों के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए एक गहरा जख्म बन गया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा. मृतकों के मामा दुर्गेश ने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए और दोषी को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Read: पटना में मौसम अलर्ट: अगले 2-3 घंटे में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना
