बक्सर के डुमरांव से सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट
Buxar Drowning Women Death Case : बक्सर में नदी में डूबने से 59 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान गोविंद मुशहर की पत्नी कुंती देवी उर्फ तिजवा के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया.
परिजनों के अनुसार कुंती देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और शुक्रवार शाम घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की. तलाश के दौरान अरैला-बंझू डेरा के सिवाना स्थित कांव नदी में उनका शव दिखाई पड़ा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
Buxar News : पैर फिसलने से हादसे की आशंका
ग्रामीणों का अनुमान है कि महिला नदी किनारे गई होंगी और इसी दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गईं, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई. हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
Women Death : मौके पर पहुंची पुलिस, हर एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है.
