बक्सर के चौसा CHC में डीएम का निरीक्षण, डॉक्टर-कर्मचारी गायब मिले, आयुर्वेदिक औषधालय और डेंटल कक्ष में लटका मिला ताला

बक्सर डीएम ने चौसा सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। ड्यूटी से गायब डॉक्टरों और स्टाफ का वेतन स्थगित कर दिया गया है और निलंबन के निर्देश दिए गए हैं।

जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में कई खामियां सामने आयीं. कई चिकित्सक और कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, जबकि अस्पताल परिसर में गंदगी और बदइंतजामी भी देखने को मिली. इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिये.

चौसा CHC में कई चिकित्सक और कर्मचारी मिले अनुपस्थित

डीएम के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक, लिपिक, एएनएम, PMW और GNM ड्यूटी से अनुपस्थित मिले. बिना सूचना के ड्यूटी से गायब रहने को डीएम ने गंभीर लापरवाही माना. निरीक्षण के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा बक्सर और प्रखंड विकास पदाधिकारी चौसा भी मौजूद रहे.

अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश

डीएम ने सिविल सर्जन बक्सर को निर्देश दिया कि अनुपस्थित चिकित्सकों, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम, PMW और GNM के अनुपस्थित अवधि का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए. साथ ही सभी संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का भी निर्देश दिया गया.

फोटो सीएससी केंद्र का निरीक्षण करती डीएम | Prabhat Khabar Network

उपस्थिति बनाकर कार्यालय से गायब मिले स्वास्थ्य प्रबंधक और लिपिक

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधक और लिपिक उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर करने के बाद कार्यालय से गायब मिले. डीएम ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दोनों को निलंबित करने का निर्देश दिया. इस कार्रवाई से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया.

आयुर्वेदिक औषधालय और डेंटल कक्ष में लटका मिला ताला

चौसा CHC परिसर में स्थित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय भी निरीक्षण के दौरान बंद मिला. इसके अलावा अस्पताल भवन में बना दंत चिकित्सक कक्ष भी बंद पाया गया. इस पर डीएम ने सिविल सर्जन बक्सर को दोनों मामलों की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

अस्पताल की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था भी खराब

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली. इन खामियों को लेकर डीएम ने सिविल सर्जन बक्सर और जिला कार्यक्रम प्रबंधक यानी DPM से स्पष्टीकरण मांगा है.

फोटो सीएससी केंद्र का निरीक्षण करती डीएम | Prabhat Khabar Network

दवाओं के स्टॉक और एक्सपायरी की जांच के निर्देश

डीएम ने अस्पताल में दवा वितरण और दवाओं के स्टॉक का भी निरीक्षण किया. उन्होंने फार्मासिस्ट को निर्देश दिया कि हर महीने एक्सपायरी होने वाली दवाओं की सूची तैयार कर नियमित रूप से संधारित की जाए. एक्सपायरी दवाओं को उपयोग से हटाकर नियमानुसार निस्तारण करने का भी निर्देश दिया गया.

CHC चौसा का नियमित औचक निरीक्षण होगा

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. इसका उद्देश्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की लगातार समीक्षा करना है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >