बक्सर से ओंकार नाथ मिश्र की रिपोर्ट
Buxar Child Death News : (ओंकार नाथ मिश्र) बक्सर जिले के इटाढ़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में रविवार को प्रसव के दौरान एक नवजात शिशु की मौत के बाद जमकर हंगामा मच गया. घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि प्रशासन को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार और नगर पंचायत के मुख्य पार्षद संजय कुमार पाठक अस्पताल पहुंचे और परिजनों को शांत कराने की कोशिश की. हालांकि आक्रोशित लोग उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद सदर एसडीओ अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.
क्या है पूरा मामला
बिझौरा गांव निवासी राजकुमार प्रसाद ने बताया कि वह अपनी पत्नी नेहा कुमारी को प्रसव के लिए इटाढ़ी पीएचसी लेकर आए थे. उनके अनुसार उस समय उनकी पत्नी की हालत सामान्य थी. आरोप है कि प्रसव के दौरान मौजूद महिला स्वास्थ्यकर्मी ने लापरवाही बरती और परिजनों को सही जानकारी नहीं दी.
पीड़ित परिवार का कहना है कि स्थिति बिगड़ने पर दो इंजेक्शन लगाए गए, लेकिन जब परिजनों ने इसके बारे में पूछा तो इसे सामान्य दर्द की दवा बताया गया. परिजनों का आरोप है कि बाद में प्रसव के दौरान जबरदस्ती की गई, जिससे गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई.
समझाने-बुझाने के बाद शांत हुए परिजन
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. काफी देर तक हंगामा चलता रहा. अंततः प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद ही परिजन शांत हुए.
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है.
