Sandeep Kumar Pandey Farewell : बक्सर डुमरांव प्रखंड सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र के सभागार में सोमवार को स्थानांतरित पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संदीप कुमार पांडेय के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन अनुराग मिश्रा ने किया.
Buxar News : तीन वर्षों के कार्यकाल की हुई सराहना
पंचायती राज पदाधिकारी रोहिणी कुमारी ने कहा कि संदीप कुमार पांडेय कर्मियों और आम जनता के प्रति सहयोगी एवं मेहनती अधिकारी रहे. उनके कार्य करने की शैली और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता हमेशा याद रखी जाएगी. श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सौम्या सिन्हा ने भी उनके समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना की.
जनप्रतिनिधियों ने बताया मार्गदर्शक
मुंगाव के मुखिया इंद्रजीत सिंह ने कहा कि तीन वर्षों के कार्यकाल में बीडीओ ने जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया और विकास कार्यों को गति दी. समारोह में शिक्षक पूर्णानंद मिश्र ने कविता के माध्यम से उन्हें भावभीनी विदाई दी. सभी ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और फूल-माला भेंट कर सम्मानित किया.
नई बीडीओ जल्द संभालेंगी जिम्मेदारी
अपने संबोधन में संदीप कुमार पांडेय ने कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और सहयोग हमेशा याद रहेगा. उन्होंने बताया कि नई बीडीओ के कार्यभार ग्रहण करने तक नावानगर बीडीओ सूरज कुमार सिंह को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं मोनालिसा प्रियदर्शिनी के बुधवार को पदभार संभालने की संभावना है.
