चादरफेरी गिरोह के तीन उचक्के 1.38 लाख नकद और बाइक के साथ धराये
Copied link
डुमरांव पुलिस ने किया शातिर गिरोह का खुलासा, छपरा के रहनेवाले हैं आरोपित
डुमरांव.
बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे लोगों को निशाना बनाने वाले एक शातिर उचक्का गिरोह का डुमरांव पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से एक लाख 38 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. गिरफ्तार आरोपित चादर फेरी की आड़ में इलाके में घूमते थे और बैंक ग्राहकों की रेकी कर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान छपरा जिले के कोपा गांव निवासी धानु कुमार पिता पप्पू तिवारी, दिलीप कुमार पिता पप्पू तिवारी तथा मांझी गांव निवासी विक्की तिवारी पिता दुधनाथ तिवारी के रूप में हुई है. यह कार्रवाई एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा और उनकी टीम द्वारा की गयी. संदिग्ध गतिविधि से खुला गिरोह का राज : जानकारी के अनुसार पुलिस को उस समय सफलता मिली जब डुमरांव थाना क्षेत्र के एक बैंक के समीप दो युवक संदिग्ध परिस्थिति में घूमते हुए दिखाई दिये. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे गिरोह का खुलासा हुआ. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बक्सर में तंबू लगाकर रहते हैं और चादर फेरी का काम करते थे. इसी दौरान वे बैंक के आसपास घूमकर यह पता लगाते थे कि कौन ग्राहक अधिक रकम निकाल रहा है. इसके बाद वे ग्राहकों का पीछा करते और मौका मिलते ही उनके पैसे उड़ा लेते थे. जांच में यह भी सामने आया कि हाल के दिनों में हुई कई घटनाओं में इनकी संलिप्तता रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.