Buxar News : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में योजना के तहत आवेदन, सोलर पैनल स्थापना और ऋण-अनुदान वितरण की स्थिति की समीक्षा की गयी. इस दौरान लापरवाही मिलने पर डीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए.
बैठक से गायब मिले डुमरांव, ब्रह्मपुर और रघुनाथपुर के जेई
समीक्षा के दौरान डुमरांव, ब्रह्मपुर एवं रघुनाथपुर के कनीय अभियंता अनुपस्थित पाए गए. जिला पदाधिकारी ने तीनों कनीय अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही अनुपस्थिति वाले दिन का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया. इससे विद्युत विभाग के अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति रही.
खराब प्रदर्शन करने वाले अभियंताओं पर होगी कार्रवाई
डीएम ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया कि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा जाए. उन्होंने कनीय अभियंताओं को प्रतिदिन निर्धारित आवेदन प्राप्ति के लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने और सोलर पैनल अधिष्ठापन के लक्ष्य को भी पूरा करने का निर्देश दिया.
सोलर योजना के आवेदनों को अटकाने वाले बैंकों पर भी नजर
बैठक में बैंकों द्वारा अस्वीकृत किए गए आवेदनों की भी समीक्षा का निर्देश दिया गया. उप विकास आयुक्त को ऐसे आवेदनों की अलग से समीक्षा करने को कहा गया, जिन्हें बैंकों ने स्वीकृत नहीं किया है या अनावश्यक रूप से अस्वीकृत किया गया है. डीएम ने ऐसे मामलों में संबंधित बैंक के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
स्वीकृत आवेदनों पर जल्द मिले ऋण-अनुदान
अग्रणी जिला प्रबंधक को संबंधित विभागों और बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर स्वीकृत आवेदनों के विरुद्ध ऋण एवं अनुदान का वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. डीएम ने योजना की प्रगति में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा.
डीएम की अपील- सोलर योजना का अधिक से अधिक उठाएं लाभ
मिशन प्रभाकिरण के तहत जिला पदाधिकारी साहिला ने आम लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से घरों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली खर्च में भी राहत मिल सकती है.
