Ashwini Choubey on Vamana Temple : पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने बक्सर केंद्रीय कारा (जेल) परिसर स्थित भगवान वामन मंदिर को कारा परिसर से पूरी तरह मुक्त करने संबंधी बिहार सरकार के मंत्रिमंडल के निर्णय का पुरजोर स्वागत किया है. उन्होंने इस निर्णय को ऐतिहासिक, जनभावनाओं के सर्वथा अनुरूप तथा देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा सम्मान बताया है.
सनातन संस्कृति का बड़ा सम्मान
उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल एक प्रशासनिक फैसला नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति और बक्सर की प्राचीन धार्मिक विरासत के सम्मान का एक बड़ा प्रतीक है. इसके लिए उन्होंने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त किया है.
Buxar News : साल 2014 से लगातार प्रयास कर रहे थे – अश्विनी चौबे
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने इस संबंध में बताया कि वर्ष 2014 में बक्सर का सांसद बनने के बाद से ही उन्होंने भगवान वामन मंदिर को कारा परिसर से मुक्त कराने के लिए लगातार गंभीर प्रयास किये थे. इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर उन्होंने समय-समय पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पटना उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश से भी विशेष चर्चा की थी. इसके अलावा विभिन्न संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के साथ निरंतर पत्राचार किया गया तथा दिशा की बैठकों में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था.
सीएम सम्राट चौधरी से भेंट के बाद बनी सहमति
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद प्रसन्नता है कि सीएम सम्राट चौधरी से हुई भेंट के दौरान इस धार्मिक प्रस्ताव पर अंतिम सहमति बनी थी और अब बिहार सरकार ने इसे पूरी तरह ठोस रूप दे दिया है. इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है कि अब इस पावन मंदिर का भव्य निर्माण कराया जाए, आकर्षक तोरण द्वार बनाया जाए तथा पूरे परिसर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए सभी तरह की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की वकालत की, ताकि यह पवित्र स्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित हो सके.
Also Read : डुमरांव में शुरू हुई आधुनिक ट्रोमेल मशीन, अब रोजाना 10 टन कचरे की होगी प्रोसेसिंग
