बक्सर: डुमरांव में फूड पॉइजनिंग पर एक्शन: प्रजापति मिष्ठान भंडार सील, मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए

अरियांव गांव में मिठाई खाने से 9 लोगों के बीमार पड़ने के बाद प्रशासन हरकत में आया है. डुमरांव स्थित प्रजापति मिष्ठान भंडार को सील कर दिया गया है और मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. एक्सपायर लाइसेंस और साफ-सफाई की कमी पर भी सख्त कार्रवाई होगी.

Buxar News: बक्सर जिले के डुमरांव अंतर्गत अरियांव गांव में मिठाई खाने से एक ही परिवार के 9 लोगों के बीमार पड़ने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. घटना के बाद संज्ञान में आए डुमरांव स्थित प्रजापति मिष्ठान भंडार को शुक्रवार को भी प्रशासन की निगरानी में सील रखा गया. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान पर सघन छापेमारी कर आधा दर्जन से अधिक मिठाइयों के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें विस्तृत रासायनिक परीक्षण के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजा जा रहा है.

अफसरों की संयुक्त टीम ने लिया किचन और हाइजीन का जायजा

खाद्य संरक्षा अधिकारी जयप्रकाश गौतम, अंचलाधिकारी (सीओ) बृजेश कुमार द्विवेदी और लोक स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन की संयुक्त टीम ने मिष्ठान भंडार परिसर का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मिठाई बनाने की प्रक्रिया, उपयोग किए जाने वाले कच्चे माल और रख-रखाव के मानकों की जांच की. टीम ने प्राथमिक गुणवत्ता परखने के लिए मौके पर मिठाइयों का स्वाद चखा और विभिन्न किस्मों के सैंपल सीलबंद डिब्बों में सुरक्षित किए.

एक्सपायर मिला FSSAI लाइसेंस, गंदगी पर भी गिरी गाज

जांच के दौरान प्रतिष्ठान के पास भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का लाइसेंस तो मिला, लेकिन उसका समय पर नवीनीकरण (रिन्यूअल) नहीं कराया गया था. इसके अलावा, एसडीएम राजीव कुमार की पूर्व जांच में भी दुकान की रसोई और बिक्री स्थल पर साफ-सफाई व हाइजीन की स्थिति मानकों के विपरीत पाई गई थी. खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर विभाग ने कड़ा ऐतराज जताया है.

डुमरांव मिष्ठान भंडार में जांच करते खाद्य संरक्षा अधिकारी जयप्रकाश गौतम | Prabhat Khabar Network

मिठाई खाने से धनेश्वर सिंह के परिवार के 9 सदस्य हुए थे भर्ती

अरियांव गांव निवासी धनेश्वर सिंह के परिवार के 9 सदस्यों ने गुरुवार को उक्त दुकान से खरीदी गई मिठाई खाई थी. इसके कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की गंभीर शिकायत होने लगी. हालत बिगड़ने पर सभी बीमारों को आनन-फानन में डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है.

डुमरांव मिष्ठान भंडार में जांच करते खाद्य संरक्षा अधिकारी जयप्रकाश गौतम | Prabhat Khabar Network

लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

खाद्य संरक्षा अधिकारी जयप्रकाश गौतम ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर प्रतिष्ठान के खिलाफ फूड सेफ्टी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसमें भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ स्थायी रूप से लाइसेंस रद्द करने और प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शामिल होगी. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों में खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग की मांग उठाई है.

Also Read: बक्सर के चौसा में बंदरों का खौफ: स्कूल में घुसकर बच्चों को नोचा, 2 दिनों में 9 लोग जख्मी, एक गंभीर रेफर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार ओझा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >