Buxar Encroachment Removal : बक्सर जिले के नावानगर प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा थाना क्षेत्र के कडसर गांव में सोमवार को प्रशासन ने सरकारी जमीन पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को हटा दिया. जिलाधिकारी के निर्देश पर नावानगर के नवपदस्थापित अंचलाधिकारी (सीओ) सुधांशु शेखर मिश्रा की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई.
buxar News : सरकारी जमीन पर बना दी गई थी गौशाला
प्रशासन के अनुसार कडसर गांव के वार्ड संख्या छह में करीब तीन डिसमिल सरकारी जमीन पर वर्षों से अतिक्रमण किया गया था. आरोप है कि अतिक्रमित भूमि पर चारों ओर बाउंड्री कर नाद-चरन बांधकर गौशाला बना दी गई थी.
ग्रामीण की शिकायत पर हुई कार्रवाई
ग्रामीण हरेन्द्र सिंह ने पहले अंचलाधिकारी और बाद में जिलाधिकारी से शिकायत कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की थी. शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश जारी किया.
नए सीओ ने ज्वाइन करते ही कराया अतिक्रमण मुक्त
चार दिन पहले ही नावानगर में योगदान देने वाले सीओ सुधांशु शेखर मिश्रा ने मामले में तत्परता दिखाते हुए सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाकर सरकारी जमीन को खाली कराया.
सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल होती थी जमीन
ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमण से पहले इस सरकारी भूमि का उपयोग मोहल्ले के सार्वजनिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए किया जाता था. जमीन पर कब्जा होने के बाद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
सीओ ने दी कार्रवाई की जानकारी
सीओ सुधांशु शेखर मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में सरकारी तीन डिसमिल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है और आगे भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.
