Buxar News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जिला इकाई ने शनिवार को विभाग संयोजक अविनाश पांडेय के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर +2 बीएन उच्च विद्यालय, ब्रह्मपुर से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और विद्यालय में सामने आए कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
वायरल वीडियो पर उठाए सवाल
ज्ञापन में परिषद ने कहा कि वह विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य करती है. परिषद के अनुसार विद्यालय में छात्र-छात्राओं से कथित अवैध वसूली की शिकायतें पहले से मिल रही थीं. इसी बीच विद्यालय परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रभारी प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक के बीच विवाद तथा अभद्र भाषा का प्रयोग दिखाई और सुनाई दे रहा है. परिषद ने कहा कि इस घटना से शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर सवाल खड़े हुए हैं.
अवैध वसूली के आरोपों की भी जांच की मांग
विद्यार्थी परिषद ने जिला प्रशासन से वायरल वीडियो की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने के साथ-साथ विद्यालय में कथित अवैध वसूली के आरोपों की भी गहन जांच कराने की मांग की. परिषद ने कहा कि दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ विधिसम्मत और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
शिक्षा मंत्री और डीईओ को भी भेजी प्रतिलिपि
ज्ञापन की प्रतिलिपि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री, अपर मुख्य सचिव (शिक्षा विभाग) तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर को भी भेजी गई है. परिषद का कहना है कि इस तरह की घटनाएं विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करती हैं और विद्यार्थियों के मनोबल पर प्रतिकूल असर डालती हैं.
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
विभाग संयोजक अविनाश पांडेय ने कहा कि यदि मामले में समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी.
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि कई शैक्षणिक संस्थान शिक्षा के बजाय भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं का केंद्र बनते जा रहे हैं. इस मौके पर अनिश तिवारी, प्रियांशु शुभम, संजीत यादव, रुद्र प्रताप सिंह, रोहित मिश्रा सहित परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
