आपसी विवाद में मुफस्सिल थाने के पीछे दिया घटना को अंजाम
बक्सर : भाजपा के चौसा प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष पर अपराधियों ने बुधवार को जानलेवा हमला कर दिया. पुलिसिया खौफ से बेखौफ अपराधियों ने मुफस्सिल थाना के ठीक पीछे दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से फरार हो गये.
अपराधियों ने भाजपा नेता की जबरदस्त पिटाई के साथ ही गला दबा कर मारने की कोशिश की है. भाजपा नेता को बेहोशी की हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया है. उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. भाजपा नेता सत्येंद्र कुमार सिन्हा पार्टी के सोनपा में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से अपने बेटे के साथ निकले थे. इस दौरान उन्होंने बेटे को हेलमेट लाने के लिए घर भेज दिया और वे पास की चाय दुकान पर चाय पीने लगे. इसी बीच कुछ पहचान के लोग आये. जिनके साथ वे चल दिये.
इसी बीच मुफस्सिल थाने के पीछे स्थित बगीचे में कई अपराधियों ने मिल कर लात घूंसों से उनकी पिटाई कर दी. काफी खोजबीन करने के बाद भाजपा नेताओं व अन्य को थाने के पीछे बगीचे में एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली. घटना कैसे और क्यों हुई इसकी जानकारी घायल भाजपा नेता के होश में आने के बाद ही मिलेगी. गौरतलब हो कि घटना स्थल के पास पशु का मेला भी लगा हुआ था. इधर पीड़ित भाजपा नेता सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने नरबतपुर गांव निवासी संतोष यादव पर नामजद मामला दर्ज कराया है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि मामला दर्ज होते ही पुलिस छानबीन में जुट गयी है.
घटना की सूचना पाते ही भाजपा किसान प्रकोष्ठ के नेता परशुराम चतुर्वेदी, भाजपा चौसा प्रखंड अध्यक्ष जय प्रकाश चौबे, मिठाई सिंह, गोपाल जी समेत अन्य भाजपा नेता के साथ स्थानीय लोग हाल जानने के लिए सदर अस्पताल पहुंच गये.
