लापरवाही बरतने वाले दो कर्मियों को डीएम ने किया सस्पेंड
बक्सर : बक्सर के दो प्रखंड के बीडीओ पर जल्द ही गाज गिरने वाली है. इसमें चौगाईं और ब्रह्मपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हैं. अधिकारी और कर्मचारियों पर काम में कोताही बरतना अब महंगा पड़ने वाला है. शुक्रवार को डीएम रमण कुमार ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले दो लिपिक व एक राजस्व कर्मी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. जबकि नावानगर अंचल के राजस्व कर्मी राम बदन शर्मा और राजपुर अंचल के राजस्व कर्मी नारदमुनि गोस्वामी की मेडिकल जांच करने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है.
लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में डीएम ने सिमरी अंचल के राजस्व कर्मचारी सुदर्शन सिंह को निलंबित कर दिया. उन्होंने कहा कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की जायेगी. डीएम ने उक्त आदेश कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में निर्गत किया है. दो लिपिकों पर गिरी निलंबन की गाज: जिला निलाम पत्र शाखा, बक्सर के लिपिक राम किशुन दास एवं लिपिक देवेंद्र कुमार को अपने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में डीएम रमण कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इनके द्वारा अपने पदीय दायित्यों के अनुरूप कर्त्तव्यों का निर्वहन नहीं किया गया है.
इस अनुसाशनहिनता एवं कर्त्तव्यहिनता को लेकर डीएम ने तत्काल प्रभाव से उक्त दोनों लिपिकों को डीएम ने निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में नियमानुसार इन्हें मात्र निर्वाह भत्ता अनुमान्य होगा तथा निलंबन के दौरान इन दोनों लिपिकों का मुख्यालय डुमरांव अनुमंडल कार्यालय होगा. डीएम ने जिला निलाम पत्र पदाधिकारी को लिपिक देवेंद्र कुमार एवं राम किशुन दास के विरूद्ध सात दिन के अंदर प्रपत्र-क गठित करते हुए अपर समाहर्ता के माध्यम से प्राप्त कराने का निर्देश दिया है.
तीन अमीन और एक राजस्व कर्मी का हुआ स्थानांतरण
डीएम की बैठक में राजस्व संबंधित मामलों के समीक्षा के दौरान अंचलाधिकारियों द्वारा अमीनों के पदस्थापन का अनुरोध किया गया था. जिसके मद्देनजर सरकारी कार्य हित में व्यवस्था के अनुसार तीन अमीन व एक राजस्व कर्मचारी का स्थानांतरण डीएम के द्वारा किया गया. जिसमें बक्सर अंचल कार्यालय में पूर्व पदस्थापित उमेश पासवान को अंचल कार्यालय बक्सर में पूर्ण रूप से कार्य करने, अंचल कार्यालय केसठ में पूर्व पदस्थापित अमीन ब्रह्मदेव सिंह को अंचल कार्यालय केसठ के अतिरिक्त,
अंचल कार्यालय चक्की में भी कार्य करने की जिम्मेवारी दी गयी. वे केसठ में तीन दिन तथा चक्की में एक तीन दिन कार्य करेंगे. वहीं अंचल कार्यालय चक्की में पदस्थापित अमीन राजकुमार पांडेय की पदस्थापना अंचल कार्यालय इटाढ़ी में कर दी गयी है. वहीं दूसरी ओर अंचलाधिकारी राजपुर द्वारा एक राजस्व कर्मचारी के पदस्थापन के अनुरोध को देखते हुए केसठ अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मी अजीत कुमार सिन्हा को राजपुर में पदस्थापित कर दिया गया है.
डीएम ने गंगा कार्य योजना के अंतर्गत गंगा नदी के किनारे अवस्थित ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण एवं राशि के भुगतान में बरती जा रही लापरवाही के बावजूद कार्य में सुधार नहीं लाने के कारण 5 प्रखंडों-बक्सर, चौसा, सिमरी, चक्की एवं ब्रह्मपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रखंड समन्वयक के साथ साथ जिला समन्वयक एवं डीआरडीए के निदेशक के विरुद्ध होगी कार्रवाई. डीएम ने कहा कि इन सभी पदाधिकारियों का वेतन बंद कर दिया गया है. अपेक्षित प्रगति नहीं लाने पर इनके संविदा मुक्ति एवं विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी.
