ग्रामीणों की सहायता से आग पर पाया गया काबू
अंचलाधिकारी ने घटनास्थल का लिया जायजा
राजपुर : स्थानीय थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में बुधवार की देर शाम विकास साह के घर में अचानक आग लगने से हजारों की संपत्ति जलकर खाक हो गयी. ग्रामीणों की सहायता से आग पर काबू पाया गया. सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंच नुकसान का जायजा लिया. इसके साथ ही हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया. मिली जानकारी के अनुसार खाना बनाने के बाद सब लोग घर के समीप खलिहान में बैठे हुए थे. इसी दौरान घर में अचानक आग लग गयी.
देखते ही देखते आग ने अपनी चपेट में पूरे मकान को ले लिया. इस दौरान घर में रखे हजारों रुपये की संपत्ति और नकदी जलकर खाक हो गयी. घर में लगी आग देख लोगों ने चिल्लाना शुरू किया. आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण एकत्रित होते तब तक सब कुछ जलकर समाप्त हो गया़ लेकिन फिर भी ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया.
पीड़ित परिजन ने बताया कि बटाई पर खेती करने के लिए कैशपार से 30 हजार रुपये ब्याज पर लिया था़ जिसमें से 20 हजार रुपये वह खेत लेने के घर पर ही रखा हुआ था जो आग में जलकर समाप्त हो गया. वहीं इस सूचना को लेकर पीड़ित परिजन द्वारा राजपुर थाना और अंचलाधिकारी को सूचित कर दिया गया है़जिसकी सूचना पर चौसा अंचलाधिकारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
