अगलगी की घटनाओं में लाखों की संपत्ति नष्ट

हादसा. राजपुर के नावा गांव में 12 घर राख,बक्सर में दर्जन भर झोंपड़ियां बरबाद,तो सिमरी में एक भैंस की मौत पल भर में राख हो गयी जीवन भर की कमाई राजपुर/बक्सर/सिमरी : स्थानीय थाना क्षेत्र के राजपुर पंचायत अंतर्गत नावा गांव में दोपहर एक बजे के करीब अचानक कहीं से निकली चिनगारी ने गांव में […]

हादसा. राजपुर के नावा गांव में 12 घर राख,बक्सर में दर्जन भर झोंपड़ियां बरबाद,तो सिमरी में एक भैंस की मौत

पल भर में राख हो गयी जीवन भर की कमाई
राजपुर/बक्सर/सिमरी : स्थानीय थाना क्षेत्र के राजपुर पंचायत अंतर्गत नावा गांव में दोपहर एक बजे के करीब अचानक कहीं से निकली चिनगारी ने गांव में तबाही का मंजर पैदा कर दी. इस बारे में जानकारी देते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर में तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक गांव से पश्चिम एक पुआल के ढेर में आग लगी. जब तक लोग चीखते चिल्लाते तब उसकी तेज लौ ने पास में ही बने झोंपड़ीनुमा घर में आग पकड़ ली. इसके बाद पछुआ हवा के कारण आसपास के खपरैल घरों में भी आग पकड़ ली.
आग के कारण घर में रखा हुआ अनाज ,कपड़ा और पशुआें का चारा सहित सारा सामान जल कर राख हो गया़ घटना के बारे में जानकारी देते हुए शांति देवी ,सुनीता देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि आग चारों तरफ से पकड़ लिया था. दरवाजे से बाहर निकलने की कोई व्यवस्था नहीं थी. संयोग था कि घर में बांधे गये भैंस के घर के तरफ से एक होल था, जिसके रास्ते बच्चों के साथ भाग कर जान बचाया़
इस घटना में गांव के घुरफेकन राजभर, सुग्रीव राजभर, शिवपरसन राजभर, सुदर्शन राजभर, सुनील राजभर, गुड्डू राजभर, भोला राजभर, रामधनी राजभर, रामयश राजभर, रवि प्रकाश राजभर, सीताराम राजभर, दीनानाथ राजभर, चंद्रमा राजभर, चिरकुट राजभर, उमरांवती कुंवर, जगनारायण राजभर का घर जल कर राख हो गया़ मौके पर पहुंचे बीडीओ अजय कुमार सिंह ने स्थिति का जायजा लेते हुए उचित मुआवजा राशि के लिए अनुशंसा की.
झोंपड़पट्टी में लगी आग, डेढ़ दर्जन से अधिक झोंपड़ियां राख : बक्सर. एमपी हाइस्कूल के सामने सर्किट हाउस रोड में बुधवार की दोपहर में आग लग गयी, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोगों की झोंपड़ियां राख हो गयीं तथा फायर ब्रिगेड की गाड़ी आने में हुए विलंब के कारण लोगों का सामान राख हो गया. आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, मगर स्थानीय लोगों ने बताया कि डब्लू पिता सौदागर की झोंपड़ी में सबसे पहले आग लगी,
जिस समय आग लगी उस समय डब्लू खाना बना रहा था. उसी के समीप एक चाय दुकानदार सुमन कुंवर की झोंपड़ी थी, जो सबसे पहले जलने लगी. देखते-ही-देखते हवा के कारण अन्य झोंपड़ियों में भी आग फैल गयी. पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मी वहां मौजूद थे. बावजूद इसके लाचार हो गये. क्योंकि सही समय पर दमकल ही नहीं आया. जहां आग लगी, वहां करीब 15 लोगों की झोंपड़ियां थी. महज एक घंटे के अंदर झोंपड़ियां जल कर राख हो गयीं.
इनकी जली हैं झोंपडि़यां : ओमप्रकाश, श्रवण कुमार, मदोदरी देवी, गीता देवी समेत चौधरी परिवार के आधा दर्जन लोगों की झोंपड़ियां जलीं हैं.
बेटी की शादी के लिए रखे सामान जल कर नष्ट : पीड़िता गीता देवी ने बताया कि 15 साल की बेटी संगीता कुमारी की शादी तय हो गयी थी और उसकी शादी के लिए वहां सब कुछ खरीद कर रखा गया था. एकाएक आग लगने से बक्से में रखा सामान भी नहीं बचा पाये. साथ ही शादी के लिए खरीदे गये बरतन भी लेकर बाहर भाग नहीं सकी, जिसके कारण बेटी की शादी की चिंता हो गयी है. उसने रोते हुए बताया कि एक बकरी जिंदा बच गयी और बाकी सब कुछ खाक हो गया. इसी तरह पीड़िता मदोदरी देवी ने बताया कि कर्ज के पैसे लौटाने के लिए बक्से में 50 हजार रुपये उसने रखा था, मगर अचानक अगलगी के कारण उसे बचा नहीं पायी. अब कर्ज कैसे उतरेगा. उसके घर का सारा सामान राख हो गया.
महादलित का आशियाना जल कर खाक : सिमरी़ प्रखंड की सहियार पंचायत स्थित महादलित टोले में रविवार की रात 10 बजे आग लगने से टोले के रिझन राम का आशियाना जल कर खाक हो गया़ ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना बिजली से निकली चिनगारी से हुई है. एक चिनगारी ने घर में रखे सारे सामान व अन्य जरूरत की वस्तुओं को अपने चपेटे में ले लिया़ ग्रामीणों की मदद से आग को किसी तरह बुझाया गया, पर सभी सामान जल कर राख हो गये. आसपास के लोगों ने बताया कि झोंपड़ी में चिनगारी के निकलने से अचानक आग भीषण रूप ले ली,
जिससे घर में रखे गये कपड़े, राशन, चौकी व दो साइकिल के साथ कुछ नकदी सहित अन्य सामान जल कर राख हो गये़ वहीं, आग की चपेट में आने से बगल में बांधी गयी भैंस की भी जल कर मौत हो गयी़ जबकि घर में रह रही दुर्गावती देवी झुलस गयी, जिनको इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य भेजा गया. इस घटना के बाद गरीब पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है.पीड़ितों के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गयी है़ अंचल कर्मचारी बिहारी रमण पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच कर नुकसान का जायजा लिया़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >