शादी के लिए रखे गये थे गहने और कपड़े
बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में मदन मोहन उपाध्याय के घर किराये में रहने वाले परमानंद साह के घर में सिलिंडर में अचानक आग लग गयी. इसमें एक युवती शोभा कुमारी जल गयी. वह घर में थी और जिस कमरे में आग लगी थी उसे बुझाने की कोशिश कर रही थी, जिसमें वह जख्मी हो गयी. परमानंद साह की बेटी की शादी भी होने वाली थी और शादी के लिए गहने और कपड़े भी रखे गये थे, जो आग में राख हो गये.
वहीं बैंक से निकाले गये 35 हजार रुपये भी आग में राख हो गये. साथ ही 20 हजार रुपये का गहना, 50 किलो चावल, 20 किलो दाल और कपड़े आदि सामान राख हो गया. हो-हल्ला होने पर स्थानीय लोग जुट गये और नाली के पानी और कीचड़ से किसी तरह आग बुझाया. अग्निकांड में करीब दो लाख से ऊपर का सामान जलकर राख हो गया. आग कैसे लगी इसका कोई पता नहीं है.
