बक्सर : जिले में बढ़े अपराध पर अंकुश लगाने के प्रति दृढ़ संकल्पित पुलिस को एक बड़ी सफलता रविवार को मिली है. चार अपराधी हथियारों के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े हैं. अपराधियों की गिरफ्तारी मठिया मोड़ नया बाजार से हुई है. असलहे में छह देशी कट्टा, दो देशी पिस्टल, एक रिवाल्वर एवं 9 एमएम, 4 कारतूस, 315 का कुल 6 कारतूस, 7.65 का कुल 15 कारतूस बरामद हुआ है. इसकी बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये है.
संवाददाता सम्मेलन में बक्सर के पुलिस कप्तान उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किये गये अपराधी हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट समेत दो दिन पूर्व हुई मित्रलोक कॉलोनी में गोलीबारी में भी शामिल रहे. इन अपराधियों का संबंध जेल में बंद बोतल महतो और चंदन मिश्रा गिरोह से रहा है.
इनके पास से जो हथियार बरामद हुए हैं उन हथियारों का उपयोग पंचायत चुनाव के दौरान इस्तेमाल किये जाने की योजना थी. गिरफ्तार किये गये अपराधियों में धोबी घाट के बिट्टू पांडेय, पिता तारकेश्वर पांडेय, मठिया रोड के आदित्य उर्फ अजीत पासवान पिता बिहारी आजाद, आरा बड़हरा के नीरज सिंह पिता अनिल सिंह और नया बाजार सब्जी मंडी के मोनू राय पिता मुन्ना राय शामिल हैं.
