ब्रह्मपुर : प्रखंड के ब्रह्मपुर-आरा मुख्य मार्ग पर पुरवां गांव के निकट एनएच 84 पर सुबह सात बजे के करीब एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गयी, जिसकी पहचान पुरवां गांव निवासी जयराम यादव के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई़ परिजनों ने बताया कि सुबह में चंदन डेयरी में दूध देकर वापस घर आ रहा था़ लेकिन, होनी कुछ और ही थी़
घटना की जानकारी मिलते ही युवक की माता का रोते- रोते बुरा हाल था. वहीं, पूरा परिवार सदमे में था़ वाहनचालक निमेज गांव के सुनील कुमार ओझा उर्फ भरत ओझा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है़
दुर्घटना की खबर सुनते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच कर आरा-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया व शव को बीच सड़क पर रखकर उग्र प्रर्दशन करने लगे़ इस बीच उतेजित लोगों ने कई वाहनों को भी अपना निशाना बनाया एवं कई गाडि़यों के शीशे फोड़ डाले.
दुर्घटना की खबर मिलते ही थाना प्रभारी दयानंद सिंह एवं बीडीओ भगवान झा दल बल के साथ पहुंचे एवं मृतक के परिवार को पारिवारिक लाभ के तहत बीस हजार रुपये दिये़ काफी समझाने बुझाने के बाद तीन घंटे बाद जाम हटा. राजद प्रखंड अध्यक्ष जयंदु यादव, अश्विनी यादव, दिनेश तिवारी, मुन्नु पंडित, महेश पांडेय आदि ने घटनास्थल पर पहुंच कर मृतक के परिवार को सांत्वना दी़
