टिहरी जलाशय में गंगा का जल स्तर 22 मीटर नीचे खिसका
गंगा मुक्ति एवं प्रदूषण विरोधी अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी रमाशंकर तिवारी ने कहा, गंगा को प्रदूषणमुक्त करने में सरकार अब तक सुस्त रही
बक्सर : गंगा मुक्ति एवंं प्रदूषण विरोधी अभियान द्वारा स्थानीय रामरेखा घाट पर रविवार को एक नुक्कड़ सभा का आयोजन कर दिनों-दिन प्रदूषित हो रही गंगा के ऊपर चिंता व्यक्त करते हुए गंगा की पवित्रता को बनाये रखने की अपील लोगों से की गयी. नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए गंगा मुक्ति एवं प्रदूषण विरोधी अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी रमाशंकर तिवारी ने कहा कि सत्तासीन होने के तेइस महीने बाद भी केंद्र सरकार गंगा को प्रदूषण सेेे निजात दिलाने की दवा खोजने में पूरी तरह असफल है.जब तक बिहारवासी गंगा मुक्ति आंदोलन की अगुआई नहीं करेंगे,
तब तक पतित पावनी की अविरल धारा को निर्मल नहीं बनाया जा सकता. साथ ही गंगा में साबुन लगा कर स्नान नहीं करने , पूजा-पाठ के अपशिष्ट गंगा में प्रवाहित नहीं करने का सुझाव श्री तिवारी नेे उपस्थित लोगों को दिया. गंगा प्रदूषण के संदर्भ में जिला प्रशासन की उदासीनता पर उपस्थित लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने युवाओं से कहा कि पर्यावरण प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के चलते टिहरी जलाशय में गंगा का जल स्तर 22 मीटर नीचे खिसक गया है. उत्तरप्रदेश के नरौरा बांध से पटना तक गंगा अस्तित्व विहीन हो चली है.
गंगा तटीय क्षेत्र रेगिस्तान बनने के कगार पर पहुंच गया है. साथ ही गंगा मुक्ति आंदोलन में सहयोग देने का निवेदन उपस्थित लोगों से की. इस मौके पर गंगा सेवा समिति बक्सर अध्यक्ष बचन पांडेय, प्रमोद पांडेय,प्रमोद पांडेय ,प्रभारी अमित कुमार यादव,विजय कुमार सिंह,आनंद कुमार सिंह,ईश्वर चौधरी,आदि उपस्थित रहे.
