बक्सर: छत पर खेल रही 7 वर्षीय बच्ची की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत, ग्रामीणों ने की सड़क जाम

राजपुर थाना क्षेत्र के मंगरांव गांव में रविवार को 7 वर्षीय प्रीति कुमारी की हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर मुख्य मार्ग जाम कर दिया.

Buxar News : बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के मंगरांव गांव में रविवार को हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए ईसापुर-खीरी मुख्य मार्ग जाम कर दिया.

छत पर खेलते समय हुआ हादसा

मृत बच्ची की पहचान मंगरांव गांव निवासी अजीत साह की पुत्री प्रीति कुमारी (7) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य घर के काम में व्यस्त थे. इसी दौरान प्रीति खेलते-खेलते मकान की छत पर पहुंच गई, जहां छत के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने बच्ची को आनन-फानन में इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ईसापुर-खीरी मुख्य मार्ग जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि मकान के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार को हटाने या सुरक्षा के लिए उस पर कवर लगाने की मांग कई बार की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की. उनका कहना है कि इसी तार से पहले भी कई लोग करंट की चपेट में आ चुके थे.

सड़क जाम हटाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया और सड़क जाम समाप्त कर यातायात सामान्य कराने की पहल की. वहीं ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kamal pankaj

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >