बक्सर तक बदमाशों ने की छेड़छाड़
अन्य यात्रियों के विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गये बदमाश
जीआरपी थाने में नहीं हो पाया मामला दर्ज
बक्सर : भागलपुर से दिल्ली की ओर जाने वाली 12353 अप गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन में शनिवार की देर रात एक महिला यात्री के साथ कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है.
महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और इस संंबंध में अटेंडर को लिखित शिकायत दी है. हालांकि इस संबंध में स्थानीय जीआरपी थाने में मामला दर्ज नहीं हो पाया है.
सूत्रों के मुताबिक महिला जमालपुर से भागलपुर-दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस से दिल्ली जा रही थी. जब ट्रेन आरा स्टेशन रुकी तो कुछ असामाजिक तत्व जी-9 बोगी में सवार हो गये, जिसमें महिला यात्री सफर कर रही थी.
चलती ट्रेन में असामाजिक तत्वों ने पहले महिला पर फब्तियां कसीं, पिऊर धीरे-धीरे मनचलों का मनोबल बढ़ता गया और वे महिला यात्री से छेड़छाड़ करने लगे. मनचलों के इस हरकत से सफर कर रहे अन्य यात्रियों ने इसका विरोध किया, लेकिन मनचले मारपीट पर उतारू हो गये. आरा से बक्सर तक यह सिलसिला चलता रहा.
आखिरकार मनचले बक्सर स्टेशन उतर कर फरार हो गये. इस संबंध में महिला ने अटेंडर को लिखित शिकायत दी है.
