बक्सर : कहते हैं दूर का ढोल सुहावन लगता है. शायद यही जुमला कुख्यात अपराधी संदीप यादव पर सटीक बैठता है. दो राज्यों के चार जिलों में अपनी आपराधिक पैठ बना चुका संदीप पर 25 से ज्यादा मामले भी दर्ज हैं.
कमर में तीन-तीन मैग्जीनवाला पिस्तौल रखनेवाला कुख्यात संदीप पुलिस से भागने के चक्कर में भोजन सिर्फ बासी चावल और भुजिया ही खा पाता था. क्योंकि घर से बाहर कड़ा पहरा रहता था. शनिवार को पुलिस ने संदीप को उसके आठ साथियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस के साथ लुका-छिपी के खेल में ये गिरफ्तार अपराधी बासी चावल और भुंजिया खाया करते थे. पुराना फटा जिंस ही शरीर पर दिखता था.
अन्य साथियों के शरीर पर एक अच्छा कपड़ा तक नहीं था. रहने के लिए खंडहर घर का छत. संदीप वैसे तो तीन पिस्तौल रखता था, जिसमें से उसके दो पिस्तौल पुलिस को मिल गये हैं. जबकि तीसरा पिस्तौल अब भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है. समझा जाता है कि तीसरा पिस्तौल उसके किसी साथी के पास होगी.
