चौसा. बुधवार को चौसा में हुए बस दुर्घटना में घायल हुई महिला यात्रियों में अधिकांशत: शिक्षिका बतायी जा रही हैं, जो उक्त बस से बक्सर से अपने विद्यालयों में पढ़ाने जा रही थीं.
सा. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर चौसा श्मशान घाट के समीप बुधवार की सुबह बक्सर से सासाराम जा रही एक यात्री बस पलट गयी, जिसमें सवार करीब ढाई दर्जन यात्री घायल हो गये. घायलों में आधा दर्जन यात्रियों को गंभीर चोटें आयी हैं. जबकि अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आयी हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल बक्सर और चौसा पीएचसी में चल रहा है. घटना के बाद घायलों को बचाने में ग्रामीणों की बड़ी भूमिका रही. घायलों में बक्सर से रोज जानेवाले डेली पैसेंजर शिक्षक समेत कई उत्तरप्रदेश के भी यात्री शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार बीआर 24 पी-5985 नंबर की यादव बस बक्सर से सासाराम जा रही थी, तभी चौसा स्थित भईया-बिहनी पुल के पास चौसा श्मशान घाट के समीप बस की स्टेयरिंग अचानक फेल हो गयी. हालांकि बसचालक ने अपनी सूझ-बूझ से बस की गति को कंट्रोल में कर लिया, लेकिन फिर भी बस अनियंत्रित हो गड्ढ़े में पलट गयी, जिससे उसमे सवार 11 महिलाओं समेत 31 लोग घायल हो गये. घटना की सूचना पाकर मुफस्सिल थाना प्रभारी सुनील कुमार मंडल, बीडीओ अरविंद कुमार सिंह, सीओ जितेंद्र कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजे. वहीं, स्थानीय लोगों ने कई घायलों को बाइक से पीएचसी चौसा में भरती कराया. वहीं, घटना के बाद बसचालक व बस स्टाफ फरार हो गये.
