बक्सर : दानापुर-पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलखंड के दिलदारनगर-दरौली स्टेशन के बीच अचानक डाउन लाइन में तूफान एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया. इंजन फेल होने से करीब दो घंटे डाउन लाइन का परिचालन बाधित रहा.
इसकी वजह से बक्सर, चौसा, रघुनाथपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर यात्री काफी परेशान रहे. घटना के दो घंटे के बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन से दूसरा इंजन लगाकर तूफान एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया. ट्रेन के लेटलतीफी से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
घटना बुधवार की सुबह करीब आठ बजे की है. मिश्रीगंगाधर स्टेशन से चलकर हावड़ा को जाने वाली तूफान एक्सप्रेस जा रही थी. इसी बीच जमानिया रेलवे स्टेशन से जैसी ही आगे बढ़ी तभी दरौली के समीप उसके इंजन में खराबी आ गयी. पता चला कि इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण फेल हो गया.
इसके बाद ट्रेन को मेन लाइन पर ही रोक दिया गया. इस दौरान चालक द्वारा इंजन बनाने के प्रयास किया गया, लेकिन इंजन की खराबी दूरी नहीं हो सकी.
इसके बाद चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल को दिया.
भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्स को जमानिया व मगध को सकलडीहा में रोका
करीब दो घंटे बाद ट्रेन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन से दूसरा इंजन को जोड़कर तूफान एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया. वहीं ट्रेन का इंजन फेल होने से डाउन लाइन का परिचालन बाधित रहा. जिसमें डाउन की भागलपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस को जमानिया, मगध एक्सप्रेस को सकलडीहा, पटना-मुगलसराय पैसेंजर को धीना खड़ा किया गया.
जब तूफान एक्सप्रेस आगे के लिए रवाना किया गया तो तब जाकर परिचालन को सुचारु रूप से चालू किया गया. बक्सर स्टेशन मास्टर रंजन कुमार ने बताया कि तूफान एक्सप्रेस का दरौली-दिलदारनगर स्टेशन के बीच इंजन में खराबी आने के चलते इंजन फेल हो गया था. दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. साथ ही परिचालन सुचारू रूप से चालू कर दिया गया.
