डुमरांव : नगर पर्षद क्षेत्र के वार्ड संख्या दो स्थित टेक्सटाइल कॉलोनी के लोग जलजमाव से जूझ रहे हैं. कॉलोनी की सड़कों पर आठ दिनों से बरसात का पानी जमा है. पानी का निकास नहीं होने से इस कॉलोनी में रहनेवाले करीब 1200 लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. लोग लंबी दूरी तय कर दूसरे रास्ते से अपने घरों तक पहुंचते हैं.
कॉलोनी के लोगों ने बताया कि सड़क का निर्माण तो कराया गया, लेकिन गंदे पानी के निकास के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया. इसके चलते बरसात होने पर जलजमाव की स्थिति बन जाती है. कॉलोनी तीन तरफ से पानी से घिर जाती है. आवागमन बंद हो जाता है. स्थिति इस कदर बदतर हो जाती है कि बरसात के दिनों में कई लोग अपने घरों में ही कैद रह जाते हैं या किसी अन्य के घरों में ठिकाना बनाते हैं.
सबसे ज्यादा परेशानी छात्र-छात्राओं को होती है, जिन्हें जलजमाव से होकर गुजरना पड़ता है. कॉलोनी के लोगों का कहना है कि नगर पर्षद प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा, जबकि इसके लिए कई बार गुहार लगायी जा चुकी है.
