बक्सर : सिकरौल थाना क्षेत्र के कजियां-खडरिचा गांव की मुख्य सड़क के किनारे एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक बड़हरा गांव का रहने वाला दारा उर्फ महेन्द्र पासवान बताया जाता है.
बताया जाता है कि दारा बहुत गरीब था और मजदूरी करके जीवन बसर करता था. रविवार को वह साथियों के साथ मजदूरी के लिए कंजिया गया. वहां कजिया-खडरिचा गांव के बीच बिजली का खंभा लगाया जा रहा था. इसी बीच उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद उसके साथी उसे छोड़कर भाग निकले. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रात को सिकरौल थाना की पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. सिकरौल थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पूरी तरह से नीला हो गया था. ऐसा लग रहा है कि करेंट लगने से मौत हुई है. वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा. मामले की जांच की जा रही है. वहीं सूत्रों ने बताया कि खंभा लगाने के दौरान दारा का साथियों के साथ विवाद हो गया. इसी विवाद में सभी ने उसकी हत्या कर दी और खुद फरार हो गये.
