तैयारी : लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ी का रेलवे कर चुका है ट्रायल
दो प्लेटफाॅर्मों को जोड़नेवाले फुट ओवरब्रिज से मुक्ति
बक्सर : अब यात्रियों को थकान भरी सीढ़ियों को नहीं नापना पड़ेगा. इसी माह के अंत तक स्टेशन के प्लेटफाॅर्म पर रेलवे ने दो एस्केलेटर और दो लिफ्ट लगाये हैं. इस माह के अंत तक रेलवे इसे चालू करेगा. यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए भी रेलवे विभिन्न कार्यों पर ध्यान दे रही है.
पूर्व मध्य रेलमंडल के दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलमार्ग स्थित बक्सर रेलवे स्टेशन पर दो प्लेटफाॅर्मों को जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज यात्रियों के लिए जानलेवा के बाद स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. साथ ही लिफ्ट का भी काम पूरा हो गया.
रेलवे ने लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ी का ट्रायल भी करा लिया गया. अब केवल उसका उद्घाटन करना ही बाकी है. जो बहुत जल्द किया जायेगा. इससे एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफाॅर्म तक जाने के लिए यात्रियों को अब ओवरब्रिज की थकान भरी सीढ़ियों को नहीं नापना पड़ेगा. यह स्वचालित सीढ़ी प्लेटफॉर्म संख्या एक व दो के बीच लगायी गयी है. इस पर करीब तीन करोड़ रुपये व्यय होने की संभावना है. रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ी लगाने का कार्य पूरा कर लिया है. फरवरी माह के अंत तक इसके काम करने की संभावना है. यह सुविधा शुरू होने से पहले ही यात्रियों में खुशी की लहर है. सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि इस माह के अंत तक उद्घाटन कर लिया जायेगा. इसके बाद यात्री इसकी सुविधा ले सकेंगे.
प्लेटफॉर्म संख्या एक व दो पर मिलेगी सुविधा : बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक व दो पर एक-एक लिफ्ट लगाया गया है. बताया जा रहा है कि प्लेटफॉर्म संख्या एक पर एक स्वचालित सीढ़ी चढ़ने के लिए लगाया गया है. लेकिन, स्वचालित सीढ़ी उतरने के लिए नहीं बनायी जायेगी, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या दो से तीन पर जाने के लिए भी सिर्फ चढ़ने की सीढ़ी बनायी जायेगी. जानकारी के अनुसार दोनों प्लेटफॉर्मों पर चढ़ने व उतरने के लिए लिफ्ट लगाये जायेंगे. दोनों तैयार कर लिये गये हैं.
