buxar news : डुमरांव अनुमंडल में 12,331 राशन कार्ड होंगे रद्द

buxar news : प्रशासन ने अपात्र लाभुकों पर कसी नकेल

buxar news : डुमरांव. डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में अपात्र राशन कार्ड धारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. विभिन्न प्रखंडों में जांच के बाद कुल 12,331 अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान कर ली गयी है, जिनका नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है.

संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को इसकी सूची उपलब्ध करा दी गयी है और बहुत जल्द इन सभी लाभुकों के नाम राशन कार्ड से काट दिये जायेंगे. एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि जिन लाभुकों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है, आयकर रिटर्न दाखिल कर रहे हैं, एलएमवी वाहन (चार पहिया व्यावसायिक वाहन) के स्वामी हैं या प्राइवेट कंपनियों में कार्यरत हैं, ऐसे सभी लोगों को राशन योजना के लिए अपात्र पाया गया है. इसके अलावा जिनके पास ढाई एकड़ या उससे अधिक कृषि भूमि है, उन्हें भी राशन के लाभ से वंचित किया जायेगा. इन सभी बिंदुओं के आधार पर सूची तैयार कर सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को सौंप दी गयी है और सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं. खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रखंडवार अपात्र राशन कार्ड धारियों की संख्या इस प्रकार है-नगर परिषद-337, डुमरांव-2200, नवानगर-1807, चौगाई-636, कैसठ-470, ब्रह्मपुर-2611, चक्की-408 और सिमरी-3862. इन सभी मामलों में आयकर रिटर्न दाखिल करना, किसान सम्मान निधि का लाभ लेना, निजी कंपनियों में नौकरी करना अथवा अन्य अपात्रता के कारण सामने आये हैं.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अपात्र राशन कार्डधारियों की सूची प्रखंड कार्यालयों में उपलब्ध है. आपूर्ति पदाधिकारी पात्रता से संबंधित कारणों की सूचना उचित माध्यम से लाभुकों को दे रहे हैं. जांच में अपात्र पाये गये सभी कार्डधारियों के राशन कार्ड रद्द किये जा रहे हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक और जरूरतमंद पात्र लोगों तक ही सीमित रहे. प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा है. वहीं, पात्र लाभुकों ने इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में आवश्यक कदम बताया है.

सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं : एसडीएम

डुमरांव के एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि अपात्र लोगों द्वारा सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. वैसे लोग जो किसान सम्मान निधि योजना, आयकर रिटर्न और जो वाहन मालिक हैं उनका राशन कार्ड रद्द किया जायेगा. उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी अपात्र व्यक्ति को राशन का लाभ लेते हुए देखा जाये, तो इसकी सूचना संबंधित प्रखंड कार्यालय या आपूर्ति पदाधिकारी को दें, ताकि सही हकदारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >