मामला पवनी पंचायत के महुआरी गांव का
चौसा : प्रखंड की पवनी पंचायत में रास्ते को लेकर हुए विवाद में सात निश्चय के तहत हो रहा निर्माण कार्य बंद हो गया है. जानकारी के अनुसार पवनी पंचायत के वार्ड संख्या तीन महुआरी गांव में महादलित मुहल्ले की तरफ जानेवाली वर्षों पुरानी ईंट सोलिंगवाली सड़क का वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंध समिति के द्वारा मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत पक्की गली-नली योजना में 12,68,200 की प्राक्कलन राशि से पीसीसी का कार्य किया जा रहा था, जिसका 15 फीसदी कार्य भी हो चुका है. शनिवार को गांव के एक व्यक्ति ने निर्माण कार्य का विरोध कर उसे बंद करा दिया. उसका कहना था कि उक्त रास्ते में मेरी निजी जमीन है.
जब तक अंचल द्वारा मापी नहीं हो जाती तब तक मैं अपने घर के सामने रास्ते में ढलाई का काम नहीं करने दूंगा. वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश त्यागी ने बताया कि उक्त सड़क पर तीस वर्ष पूर्व भी पंचायत स्तर से ईंट सोलिंग हो चुका है, जिसकी मरम्मत करा उस पर पीसीसी ढलाई का कार्य फिलहाल चल रहा है.
जबकि उक्त रास्ते का कई बार मापी हुआ. रास्ते में कहीं भी किसी की निजी जमीन नहीं है. इस संबंध में प्रभारी पंचायती राज प्रभारी शिव गोविंद राय ने बताया कि अभी बीडीओ छुट्टी पर हैं. फिलहाल विवाद के कारण कार्य बंद कर दिया गया है. वरीय पदाधिकारियों के द्वारा जब तक स्थल की जांच नहीं कर ली जाती तब तक कार्य बंद रहेगा. बता दें कि उक्त योजना के बंद हो जाने से गांव के अन्य लोगों में काफी आक्रोश है. ग्रामीणों ने बताया कि बरसात पूर्व सड़क व नाली का निर्माण हो जाता तो इस बार आवागमन करने में परेशानी नहीं होती.
