Buxar Bhagalpur Four Lane Expressway: बिहार में बक्सर से भागलपुर जिले के बीच फोरलेन एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट बनाए जाने की योजना है. इस एक्सप्रेसवे को गंगा के दोनों किनारों पर बनाया जाएगा. यह परियोजना लगभग 350 किलोमीटर लंबी बताई जा रही है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से बक्सर से भागलपुर के बीच की दूरी सिर्फ 4 घंटे में ही पूरी की जा सकेगी.
दोनों किनारों पर बनाए जायेंगे बांध
मिली जानकारी के अनुसार, बक्सर से भागलपुर के बीच दोनों किनारों पर बांध बनाए जायेंगे. इसके ऊपर फोरलेन एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को लेकर गंगा नदी की गहराई भी बढ़ाई जाएगी, इसके लिए नदी से गाद को निकाला जाएगा. इससे फायदा यह हो सकेगा कि नदी के जलधारण की क्षमता बढ़ेगी और बाढ़ के खतरे को भी कम करने में मदद मिल सकेगी. इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार की ओर से मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है.
350 किलोमीटर लंबा होगा कॉरिडोर
यह 350 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बिहार के लिए बेहद खास बताया जा रहा है. गंगा नदी में कई छोटी-बड़ी नदियां मिलती हैं. ऐसे में जिन जगहों पर छोटी नदियां मिलेंगी, वहां पुल बनाए जाने की भी योजना है. इस तरह से यह पूरा कॉरिडोर लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही तैयार किया जाएगा.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इन 12 जिलों में होगा रूट
इस फोरलेन एक्सप्रेसवे से 12 जिलों को सीधा फायदा पहुंच सकेगा. जानकारी के मुताबिक, गंगा नदी के उत्तर और दक्षिण किनारों पर सड़क बनाई जाएगी. उत्तर बिहार में यह सड़क सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार से जुड़ेगा जबकि दक्षिण बिहार में बक्सर, भोजपुर, पटना, लखीसराय, मुंगेर और भागलपुर से. इस तरह से उत्तर से लेकर दक्षिण बिहार के जिलों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हो सकेगी.
इन नदियों पर बैराज बनाने की योजना
इस प्रोजेक्ट को लेकर यह भी जानकारी सामने आई है कि सोन नदी पर बैराज बनाया जा सकता है. इतना ही नहीं, सोन नदी के अलावा बूढ़ी गंडक, बागमती और महानंदा जैसी नदियों पर भी बैराज बनाए जाने की प्लानिंग की गई है. फिलहाल, इस रोड प्रोजेक्ट के लिए डीपीआर बनाई जा रही है. सबकुछ सही होने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी.
फोरलेन रोड से होगा ये फायदा
फोरलेन रोड के पूरा होने से पड़ोसी राज्यों के बीच कनेक्टिविटी भी आसान हो सकेगी. उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल जाना आसान हो जाएगा. बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे लोगों का दिल्ली भी आना-जाना आसान हो सकेगा. इससे व्यापार, रोजगार और उद्योग को भी बढ़ावा मिल सकेगा.
Also Read: बिहार में नहीं टला बाढ़ का खतरा, 15 जिलों के 49.74 लाख लोग प्रभावित, गंगा-गंडक-कोसी लाल निशान के ऊपर
