BPSC Teacher Vacency : BPSC TRE-4 को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि TRE-4 के लिए शिक्षा विभाग ने अब 33,274 पदों की अधियाचना BPSC को भेज दी है. पहले विभाग की ओर से 32,388 पदों की अधियाचना भेजी गयी थी. अलग-अलग विषयों में 886 पद बढ़ाये गये हैं. शिक्षा मंत्री ने छात्रों से आंदोलन के बजाय परीक्षा की तैयारी में जुटने की अपील की है.
TRE-4 में 886 पद बढ़े, अब 33,274 सीटों पर भर्ती
शिक्षा मंत्री ने बताया कि विभाग की ओर से पहले BPSC को कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना भेजी गयी थी. इसमें कक्षा 1 से 5 तक 3,847, कक्षा 6 से 8 तक 8,563, कक्षा 9 से 10 तक 3,877 और कक्षा 11 से 12 तक 16,101 पद शामिल थे.
छात्रों और जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के बाद अलग-अलग विषयों में अतिरिक्त पद जोड़े गये हैं. इसके बाद कुल 886 पदों की वृद्धि की गयी है और अब TRE-4 के लिए कुल 33,274 पदों की अधियाचना BPSC को भेजी गयी है.
इन विषयों में बढ़ाये गये पद
शिक्षा मंत्री के अनुसार मगही में 28, मैथिली में 193, बांग्ला में 90, पाली में 38, प्राकृत में 63, अरबी में 20, फारसी में 36, ललित कला में 21, नृत्य कला में 164, भोजपुरी में 69, स्पेशल शिक्षक में 88 और कृषि शिक्षक में 76 पद बढ़ाये गये हैं.
विभाग ने BPSC से आग्रह किया है कि इन पदों पर जल्द से जल्द परीक्षा की तारीख घोषित की जाये और पारदर्शी तरीके से परीक्षा एवं परिणाम की प्रक्रिया पूरी की जाये.
PT-Mains पर शिक्षा मंत्री ने साफ किया- फैसला BPSC का
TRE-4 में एकल परीक्षा की मांग को लेकर छात्रों के आंदोलन पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा एक चरण में होगी या दो चरणों में, इसका निर्णय BPSC लेने के लिए स्वतंत्र है.
उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग के पत्र का हवाला देते हुए कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग अपनी परीक्षाओं के मानक और प्रक्रिया निर्धारित करने के लिए सक्षम प्राधिकार है. ऐसे में परीक्षा को दो चरणों में कराने का फैसला भी BPSC के अधिकार क्षेत्र में आता है.
NEET-UG 2024 के बाद बनी कमेटी की सिफारिश का दिया हवाला
शिक्षा मंत्री ने कहा कि NEET-UG 2024 की परीक्षा के बाद राधाकृष्णन समिति का गठन किया गया था. समिति की सिफारिशों के आधार पर BPSC ने अपनी परीक्षाओं को दो चरणों में कराने का निर्णय लिया है.
उन्होंने कहा कि BPSC ने यह स्पष्ट कर दिया है कि PT और Mains की व्यवस्था क्यों लागू की गयी है. इसलिए इस विषय को लेकर छात्रों को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है.
'आपकी आवाज BPSC तक पहुंच चुकी है, परीक्षा की तैयारी करें'
शिक्षा मंत्री ने आंदोलन कर रहे छात्रों से अपील करते हुए कहा कि उनकी आवाज BPSC तक पहुंच चुकी है. आयोग अपने स्तर पर निर्णय लेने में सक्षम है और राज्य के हित में जो बेहतर होगा, वह फैसला करेगा.
उन्होंने छात्रों से कहा कि अब उन्हें अपनी परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले करीब 20 हजार पदों की बात की थी, लेकिन शिक्षा विभाग ने उससे आगे बढ़कर 33,274 पदों की वैकेंसी जारी की है.
'आप बिहार के भविष्य हैं, आपके शिष्य आपका इंतजार कर रहे हैं'
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी बिहार के भविष्य हैं. उन्होंने छात्रों से परीक्षा में शामिल होकर सफल होने और नियुक्ति पत्र प्राप्त करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसे शिक्षकों की जरूरत है, जो आने वाली पीढ़ी का भविष्य संवार सकें.
छात्रों की शंका दूर करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
शिक्षा मंत्री ने बताया कि अभ्यर्थियों की समस्याओं और शंकाओं के समाधान के लिए शिक्षा विभाग की ओर से दो टोल-फ्री नंबर जारी किये गये हैं. कार्यालय अवधि में इन नंबरों के माध्यम से छात्र अपनी समस्याएं बता सकते हैं.
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में अधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि जब भी कोई छात्र या युवा अपनी समस्या लेकर पहुंचे, उसकी बात सुनी जाये और समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाये.
'गर्दनीबाग में नहीं, सचिवालय में होगा समस्या का समाधान'
गर्दनीबाग में चल रहे छात्र आंदोलन पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ लोग छात्रों को भ्रामक प्रचार के माध्यम से गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने आंदोलनकारियों से कहा कि यदि किसी को समस्या है तो वे सीधे शिक्षा विभाग के अधिकारियों और मंत्री से मिलें.
उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान गर्दनीबाग में नहीं, सचिवालय में है. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए आगे आने की अपील की.
'जो लोग परीक्षा नहीं देते, वही माहौल बनाने में लगे हैं'
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ लोग इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि सरकार लगातार शिक्षकों की वैकेंसी बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि पहले 20 हजार पदों की बात थी, लेकिन अब 33 हजार से अधिक पदों की वैकेंसी भेजी गयी है. इसलिए छात्रों को किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है और उन्हें अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहिए.
अब छात्रों के अगले कदम पर नजर
TRE-4 में सीटों की संख्या बढ़ाकर 33,274 किये जाने के बाद सरकार ने छात्रों को बड़ा संदेश दिया है. वहीं PT-Mains को लेकर BPSC का रुख भी स्पष्ट हो चुका है. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 33,274 पदों की बढ़ी वैकेंसी के बाद गर्दनीबाग में चल रहा छात्र आंदोलन खत्म होगा या एकल परीक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रहेगा.