BPSC TRE-4 Protest: पटना एक बार फिर शिक्षक छात्रों के नारों से गूंज उठी है. BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन में हो रही देरी ने राज्य के लाखों बेरोजगार युवाओं को आंदोलित कर दिया है. इसी कड़ी में आज पटना यूनिवर्सिटी के पटना कॉलेज परिसर से एक आंदोलन का बिगुल फूंका गया.
छात्रों का कहना है कि वे अब और इंतजार नहीं करेंगे, उन्हें सिर्फ और सिर्फ नोटिफिकेशन की तारीख चाहिए.
पटना कॉलेज से आंदोलन की शुरुआत
छात्रों का यह पैदल मार्च पटना कॉलेज से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा. हाथों में तख्तियां और जुबां पर इंसाफ की मांग लिए ये छात्र शांतिपूर्ण लेकिन बेहद आक्रामक अंदाज में विरोध दर्ज करा रहे थे.
आंदोलनकारी छात्रों का आरोप है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समय पर बहाली के निर्देश दिए थे, लेकिन आयोग और विभाग के अधिकारियों की सुस्ती के कारण प्रक्रिया ठप पड़ी है.अभ्यर्थियों ने इसे सीधे तौर पर मुख्यमंत्री के निर्देशों का अपमान बताया और मांग की कि TRE-4 की रिक्तियां और आवेदन की तिथि तुरंत स्पष्ट की जाए.
विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि बिहार में शिक्षक बहाली की प्रक्रिया को जानबूझकर लटकाया जा रहा है.छात्रों का कहना है कि जब सरकार ने चौथे चरण की बहाली का भरोसा दिया था, तो फिर नोटिफिकेशन जारी करने में देरी क्यों?
नोटिफिकेशन की मांग और आगे की रणनीति
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जल्द ही BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर TRE-4 का नोटिफिकेशन अपलोड नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा. छात्रों की मुख्य मांग है कि परीक्षा का कैलेंडर जारी हो और रिक्तियों की संख्या पारदर्शी तरीके से बताई जाए.
पटना पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट पर है और छात्रों को समझाने की कोशिश की जा रही है. लेकिन छात्रों का साफ़ कहना है कि वे अब बिना ठोस आश्वासन के पीछे नहीं हटेंगे. बिहार की राजनीति और शिक्षा जगत की नजरें अब आयोग के अगले कदम पर टिकी हैं.
Also Read: बिहार के प्रीपेड मीटर वालों को मिल सकती है राहत, इतना कम देना होगा बिजली बिल
