BPSC TRE 4 Teacher Recruitment: बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. लंबे इंतजार और आंदोलन के बाद जारी हुई BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती की आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से ठीक एक दिन पहले स्थगित कर दी गई है. बिहार लोक सेवा आयोग के विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत 32,388 विद्यालय अध्यापक पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 सितंबर 2026 से शुरू होने थे. लेकिन सोमवार को आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित करने की सूचना जारी की हैं.
आयोग ने आवेदन प्रक्रिया स्थगित करने के पीछे ‘प्रक्रियात्मक बदलाव’ का कारण बताया है. साथ ही कहा है कि आवेदन से संबंधित नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी. यानी फिलहाल अभ्यर्थी 1 सितंबर से आवेदन नहीं कर सकेंगे, लेकिन भर्ती प्रक्रिया रद्द नहीं हुई है.
लंबे इंतजार के बाद आया था TRE-4 का विज्ञापन
TRE-4 को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती विज्ञापन जारी करने और सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे थे. मांगों को लेकर पटना समेत कई जगहों पर अभ्यर्थियों ने आंदोलन किया. 25 अगस्त को पटना में प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था. इस दौरान छात्र और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर सामने आयी थी.
इसके बाद शिक्षक अभ्यर्थियों की कई मांगों को लेकर सरकार की ओर से बदलावों की घोषणा की गयी. TRE-4 परीक्षा को एक चरण में कराने का निर्णय भी सरकार की ओर से घोषित किया गया है.
आवेदन शुरू होने से ठीक पहले क्यों लगी रोक?
BPSC की ओर से जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि TRE-4 के तहत ऑनलाइन आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया को प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण स्थगित किया गया है. आयोग ने नई तारीख की घोषणा जल्द करने की बात कही है.
यानी फिलहाल अभ्यर्थियों को नई आवेदन तिथि का इंतजार करना होगा. आयोग की ओर से नई तारीख जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी.
सीट बढ़ने और परीक्षा पैटर्न में बदलाव पर भी चर्चा
TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों की मांगों के बाद रिक्तियों में बदलाव की प्रक्रिया भी चर्चा में है. हाल के दिनों में संगीत शिक्षक के पदों में अतिरिक्त सीटें जोड़ने की जानकारी सामने आयी है. वहीं सरकार ने TRE-4 परीक्षा को एक चरण में कराने की घोषणा की है.
इसी वजह से अब आवेदन प्रक्रिया में बदलाव और नयी तारीख को लेकर अभ्यर्थियों की नजर BPSC के अगले आदेश पर है.
विपक्ष ने सरकार की मंशा पर उठाये सवाल
आवेदन प्रक्रिया स्थगित होने के बाद इस मुद्दे पर बिहार की सियासत भी गरमा गई है. आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की मंशा सही नहीं है और वह युवाओं को रोजगार नहीं देना चाहती.
विपक्ष का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ और अभ्यर्थियों ने आवेदन की तैयारी शुरू कर दी थी. ऐसे में आवेदन शुरू होने से ठीक पहले प्रक्रिया स्थगित होने से छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हुई है.
बीजेपी ने कहा- प्रक्रियात्मक बदलाव के लिए बढ़ाया गया समय
वहीं सत्ता पक्ष की ओर से बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि BPSC की ओर से कुछ संशोधन किये गये हैं और इन बदलावों को लागू करने के लिए समय की आवश्यकता है. इसी कारण आवेदन की तारीख को आगे बढ़ाया गया है.
उन्होंने इसे भर्ती प्रक्रिया को रोकना नहीं, बल्कि प्रक्रियात्मक बदलाव के लिए लिया गया निर्णय बताया.
छात्र नेता बोले- पैनिक न हो अभ्यर्थी
वहीं छात्र नेता सौरव ने कहा कि अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में सीट बढ़ाने और परीक्षा को एकल चरण में कराने की मांग शामिल थी. उनके अनुसार सरकार ने इन मांगों को मान लिया है और इसी प्रक्रिया में समय लग रहा है.
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे इस फैसले को लेकर पैनिक न करें और अपनी तैयारी जारी रखें. छात्र नेता ने कहा कि वे सरकार के निर्णय के साथ खड़े हैं और अभ्यर्थियों को भी नयी तारीख आने तक अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहिए.
अब अभ्यर्थियों को किसका इंतजार?
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि BPSC TRE-4 का आवेदन कब से शुरू होगा? आयोग ने नयी तारीख की घोषणा जल्द करने की बात कही है. इसलिए अभ्यर्थियों को अब BPSC के आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना होगा.
TRE-4 के तहत फिलहाल 32,388 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था. आवेदन प्रक्रिया स्थगित होने के बाद नयी तारीख और प्रक्रियात्मक बदलावों को लेकर आयोग की अगली सूचना महत्वपूर्ण होगी.
इसे भी पढ़ें: 32388 पदों पर BPSC शिक्षक भर्ती का आवेदन टला, जानें क्यों रुकी प्रक्रिया और अब क्या होगा
