बिहार में 100 मीटर तक बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड को बाइक से घसीटा, शादी करने को लेकर हुआ था विवाद, देखें वीडियो

बिहार के नालंदा जिले के राजगीर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शादी से मना करने पर एक युवक ने अपनी प्रेमिका को बाइक से करीब 100 मीटर तक घसीटा. यह खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Rajgir woman Dragged : बिहार के नालंदा जिले अंतर्गत राजगीर थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शादी से इनकार करने के बाद एक युवक ने युवती को अपनी बाइक से करीब 100 मीटर तक बेरहमी से घसीटा. इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है.

लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता राजगीर इलाके की रहने वाली है, जबकि आरोपी युवक पड़ोसी जिले नवादा का निवासी बताया जा रहा है. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था. युवती का आरोप है कि प्रेमी ने उससे शादी करने का पक्का वादा किया था. लेकिन, कुछ समय बाद वह अपने वादे से मुकर गया, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

रोकने पर बाइक की रफ्तार बढ़ाकर घसीटा

शादी से मुकरने के बाद दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ. इसी विवाद के दौरान आरोपी युवक अचानक अपनी बाइक चालू कर वहां से भागने लगा. जब युवती ने उसे रोकने की कोशिश की और बाइक को पकड़ा, तो निर्दयी युवक ने रुकने के बजाय बाइक की एक्सीलेटर बढ़ा दी. इसके चलते युवती करीब 100 मीटर तक सड़क पर बुरी तरह घिसटती चली गई.

अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, भीड़ ने की पिटाई

तकरीबन 100 मीटर तक घसीटने के बाद बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास मौजूद भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने भाग रहे आरोपी युवक को मौके पर ही दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल

घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही इलाके में सनसनी फैल गई. लोग पुलिस प्रशासन से आरोपी प्रेमी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वीडियो में युवती की हालत देखकर हर कोई सहम गया है. मामला तूल पकड़ते ही स्थानीय पुलिस भी हरकत में आ गई है.

एफआईआर दर्ज, पुलिस कर रही है जांच

इस पूरी घटना पर राजगीर थाना पुलिस ने बयान जारी किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है. जांच पूरी होते ही दोषी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : बिहारशरीफ में सुधा ब्रांड का प्लान, अब नालंदा डेयरी में रोज बनेगी 20 टन दही और लस्सी, जुड़ेंगे 2 लाख किसान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar

सुनील कुमार वर्ष 2015 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ-नालंदा में फोटोग्राफर सह जिला संवाददाता के रूप में पत्रकारिता कर रहे हैं. खबरों की सटीकता, बेहतरीन फोटोग्राफी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी पहचान बन चुकी है. पत्रकारिता जीवन में इन्होंने कई दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता का कार्य किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >