नालंदा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

नालंदा के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के वेरथू गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता प्रीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की मां ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. बेटी के जन्म के बाद से ही दहेज के लिए हो रही थी प्रताड़ना.

Nalanda News : नालंदा के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के वेरथू गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान वेरथू गांव निवासी अमरजीत कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में की गई है. इस घटना के बाद मृतका की मां ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है.

उनका कहना है कि उनकी बेटी की ससुराल वालों ने सोची-समझी साजिश के तहत जहर देकर हत्या कर दी है. इस मामले की जानकारी मृतका की मां के द्वारा शुक्रवार की सुबह में दी गई. उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम में उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी मिली थी.

बेटी के जन्म के बाद से ही दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित, घटना के बाद आरोपी फरार

मृतका की मां ने बताया कि जब वे अपने परिजनों के साथ आनन-फानन में बेटी के ससुराल पहुंचे, तो घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था. उनका सीधा आरोप है कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद सास, ससुर और पति घर छोड़कर मौके से फरार हो गए हैं.

मृतका की मां ने प्रताड़ना की कहानी बयां करते हुए बताया कि प्रीति कुमारी की एक बेटी है. बेटी के जन्म के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे. उसके बाद जब एक बेटा पैदा हुआ, तो मेरी बेटी को मारपीट करना बंद कर दिया था और पुनः दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी लगातार जारी प्रताड़ना के चलते अंततः उनकी बेटी की हत्या कर दी गई.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई

इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही करायपरसुराय थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है.

पुलिस प्रशासन का इस संबंध में कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की सघन जांच के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच की जा रही है.

Also Read : राजगीर में 200 टीबी मरीजों को मिला फूड बास्केट, निक्षय पोषण योजना के तहत हुआ वितरण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >