नालंदा में लगातार हो रही बारिश के कारण हिलसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के भवन के दक्षिणी गेट के पास भारी जलजमाव हो गया है. पानी जमा रहने से अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दुर्घटना की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने जलजमाव वाले हिस्से को रस्सी से घेर दिया है, ताकि लोग उस रास्ते से होकर न गुजरें.
फिसलन के कारण दो डॉक्टर और सीएचओ घायल
इसके बावजूद फिसलन के कारण अस्पताल में पदस्थापित डॉ. अजीत कुमार, किसी कार्य से आए खिजरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. मनोज कांत भारती तथा कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर पूर्णिमा कुमारी (दमोदरसराय) सहित कई लोग फिसलकर घायल हो गए हैं.
पश्चिमी गेट से कराया जा रहा आवागमन, जल्द समाधान का आश्वासन
जलजमाव की गंभीर स्थिति के कारण फिलहाल अस्पताल के पश्चिमी गेट से ही मरीजों, उनके परिजनों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का आवागमन कराया जा रहा है.
अस्पताल आने वाले लोगों ने जल्द से जल्द जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि दक्षिणी गेट से भी सुरक्षित आवाजाही जल्द से जल्द बहाल हो सके.
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण यह स्थिति बनी है. उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के साथ बैठक कर योजना तैयार की जाएगी और अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
