नालंदा : पानी को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदली, तीन घायल, पांच गिरफ्तार

नालंदा के इकबालगंज गांव में पानी को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई. इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं. रहुई थाना पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

Nalanda News : नालंदा के इकबालगंज गांव में पानी गिराने को लेकर दो गोतिया परिवारों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते भारी हिंसक झड़प में बदल गया. इस खूनी संघर्ष की घटना में दोनों पक्षों के कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम केशर महतो के पुत्र रामकुमार प्रसाद उर्फ राजकुमार महतो और विरेश प्रसाद के परिवार के बीच पानी गिराने को लेकर अचानक कहासुनी शुरू हुई थी.

लाठी-डंडों से हुआ हमला, मौके पर पहुंची रहुई पुलिस ने स्थिति को संभाला

यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए और मामूली बात मारपीट में बदल गई. इस दौरान दोनों ओर से एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किए जाने से तीन लोग लहूलुहान होकर घायल हो गए. घटना की भनक मिलते ही रहुई थाना पुलिस फौरन दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और सूझबूझ से स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया.

पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उचित उपचार कराया गया.

दोनों पक्षों से महिला सहित पांच लोग गिरफ्तार, गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ी

इस संबंध में रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से मिली लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है. पुलिस ने एक पक्ष से रामकुमार प्रसाद उर्फ राजकुमार महतो, उनके पुत्र प्रिंस कुमार और पत्नी बेबी देवी को गिरफ्तार किया है. वहीं, दूसरे पक्ष से विरेश प्रसाद और उनकी पत्नी मंजू देवी को गिरफ्तार किया गया है.

थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि इस मामले में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इसके साथ ही गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.

Also Read : राजगीर में 200 टीबी मरीजों को मिला फूड बास्केट, निक्षय पोषण योजना के तहत हुआ वितरण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >