बिहारशरीफ में दिव्यांग बच्चों का बनेगा UDID कार्ड, 24 अगस्त से प्रखंडवार जांच शिविर

बिहारशरीफ जिले में 6 से 18 वर्ष के दिव्यांग बच्चों के लिए यूडीआईडी कार्ड बनाने का विशेष अभियान शुरू हो रहा है. 24 अगस्त से प्रखंडवार लगने वाले शिविरों में दिव्यांगता की जांच और सहायक उपकरणों के लिए भी व्यवस्था की गई है.

UDID Card Camp Biharsharif : बिहारशरीफ जिले के सभी प्रखण्डों में 06 से 18 आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों का प्रखण्डवार यूनिक डिसेबिलिटी आईडी कार्ड (यूडीआईडी) बनाया जायेगा. इसके साथ ही साथ दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरणों के लिए भी शिविर में जांच की जाएगी.

बिहार शिक्षा परियोजना नालंदा के द्वारा शिविर आयोजित करने के लिए प्रखंडवार स्थान एवं तिथि का विवरण भी जारी कर दिया गया है.

योजना का उद्देश्य और राष्ट्रीय डाटाबेस

इस संबंध में समग्र शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी भोला कुमार कर्ण ने बताया कि विभिन्न प्रखंडों के दिव्यांग छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावक निर्धारित तिथि को शिविर में लेकर अवश्य आएं.

उन्होंने बताया कि यूडीआईडी योजना की शुरुआत भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के द्वारा दिव्यांग छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने के उद्देश्य से की गई है, जिससे देश के सभी दिव्यांगजनों का एक राष्ट्रीय डाटाबेस तैयार किया जाता है और यह दिव्यांग बच्चों को एक यूनिक पहचान देता है.

प्रधानाध्यापकों और कर्मियों को निर्देश

उन्होंने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को अपने विद्यालय के 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों को इस शिविर में निर्धारित तिथि को भेजने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी समावेशी शिक्षा कर्मियों को अपने-अपने प्रखण्ड के बच्चों के रजिस्ट्रेशन का विवरण शिविर के एक दिन पूर्व कार्यालय को प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया है.

Also Read : पर्यटन का नया ठिकाना बन सकती है गया जी की मंडा पहाड़ी, 7 गुफाएं और प्राचीन मूर्तियां हैं खास आकर्षण

दिव्यांगता जांच के लिए प्रखंडवार तिथियां

जारी शेड्यूल के अनुसार, इस्लामपुर में 24 अगस्त, एकंगरसराय में 25 अगस्त, हिलसा में 27 अगस्त, करायपरशुराय में 29 अगस्त, चंडी में 31 अगस्त, नगरनौसा में 1 सितंबर, हरनौत में 2 सितंबर, थरथरी में 3 सितंबर, रहुई में 4 सितंबर और बिहारशरीफ में 5 सितंबर को शिविर लगेगा. इसके अलावा सरमेरा में 7 सितंबर, अस्थावां में 8 सितंबर, कतरीसराय में 9 सितंबर, गिरियक में 10 सितंबर, राजगीर में 11 सितंबर, सिलाव में 12 सितंबर, बेन में 14 सितंबर, परवलपुर में 15 सितंबर, नूरसराय में 16 सितंबर और बिहारशरीफ के डे केयर सेंटर, साठोपुर में 18 सितंबर को शिविर आयोजित किया जाएगा.

सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आसानी

यह यूनिक आईडी पूरे देश में केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पूरी तरह मान्य है, जिससे बच्चों को भविष्य में मिलने वाली सहायता में सहूलियत होगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उज्ज्वलानंद गिरि

उज्जवलानंद गिरि वर्ष 2009 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ कार्यालय में जिला संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं. शिक्षा, सहकारिता, जिला परिषद तथा बिहारशरीफ प्रखंड की खबरें प्रमुखता से लिखते रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >