प्रभात खबर इंपेक्ट
सिलाव. स्थानीय जन वितरण प्रणाली (टीपीडीएस) से जुड़े बड़े अनियमितता के मामले ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई की हैं. गुरुवार को बिहार राज्य खाद्य निगम के सिलाव स्थित गोदाम को सील कर दिया गया. मामला तब सामने आया जब प्रभात खबर ने इस अनियमितता को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की. आरोप है कि बंद पड़े गोदाम से लगभग 100 क्विंटल खाद्यान्न का उठाव बिना किसी आवंटन के कर लिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि बुधवार को इस मामले को लेकर स्थानीय मजदूरों ने जमकर हंगामा किया था. उनका कहना था कि जब गोदाम पूरे दिन बंद था, तो इतनी बड़ी मात्रा में अनाज कैसे बाहर चला गया. मजदूरों ने इसकी सूचना नालंदा के जिलाधिकारी को दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया. जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार राज्य खाद्य निगम के अधिकारियों को सूचित किया. निगम की उप समाहर्ता आयशा सगुप्ता प्रवीण जांच के लिए गोदाम पहुंचीं. उन्होंने वहां मौजूद एजीएम (सहायक महाप्रबंधक) से स्टॉक रजिस्टर मांगा, लेकिन वह उपलब्ध नहीं करा सके. यह लापरवाही हैं या जानबूझकर की गई हैं. दोनों ही स्थितियों में गंभीर मानी जा रही है. जांच के दौरान उपसमाहर्ता ने बताया कि वर्तमान में गोदाम में 1605 क्विंटल चावल मौजूद है, लेकिन बुधवार को कितना स्टॉक था, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकी. इससे यह आशंका और गहरा गई कि रिकॉर्ड में गड़बड़ी या अनाज की अवैध निकासी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि अब जिले के स्टॉक रजिस्टर से मिलान कर पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल एहतियात के तौर पर गोदाम को सील कर दिया गया है. गोदाम को सील करने पहुंचे अधिकारियों ने मीडिया से कोई स्पष्ट जानकारी साझा करने से इनकार किया. इस घटना ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.सिलाव में टीपीडीएस गोदाम सील
स्थानीय जन वितरण प्रणाली (टीपीडीएस) से जुड़े बड़े अनियमितता के मामले ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई की हैं.
