बिहारशरीफ. नगर विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ़ सुनील कुमार ने गुरूवार को मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत करीब 1.36 करोड़ रुपए की लागत वाली दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया. मौके पर उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही उनकी पहली प्राथमिकता है. मुझे खुशी है कि आज मैं मीरगंज में 73 लाख की लागत वाले भव्य सामुदायिक भवन का शिलान्यास कर रहा हूं. ऐसा ही एक सामुदायिक भवन हमने खैराबाद के लिए अनुशंसित किया था, जिसका शिलान्यास चुनाव से पहले हुआ था. यह शहर का दूसरा बड़ा सामुदायिक भवन होगा. चुनाव पूर्व मैं इसका शिलान्यास नहीं कर पाया था, जिसे आज पूरा कर रहा हूं. विधायक ने वार्ड-46 के अलीनगर और मीरगंज (झींगनगर) में योजनाओं का शुभारंभ किया. अलीनगर में नवनिर्मित सामुदायिक भवन के सामने सरकारी जमीन की घेराबंदी और पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य शुरू किया गया है, जिस पर 63 लाख 44 हजार 946 रुपए खर्च होंगे. वहीं, इसी वार्ड के मीरगंज में बजरंगबली मंदिर के पास 73 लाख 26 हजार 508 रुपए की लागत से एक भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण शुरू किया गया है. इस भवन में बिजली, शौचालय और पेयजल जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
